संपादक: निलेश वर्मा
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
बलिया। जनपद बलिया के थाना सुखपुरा पुलिस ने न्यायालय से जारी वारंटों के अनुपालन में विशेष अभियान चलाते हुए गैंगस्टर एक्ट के एक आरोपी सहित पांच वारंटी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में अपराधियों की गिरफ्तारी एवं लंबित वारंटों के प्रभावी निस्तारण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार, अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) संजय वर्मा के पर्यवेक्षण, क्षेत्राधिकारी नगर सतीश शर्मा के मार्गदर्शन तथा थानाध्यक्ष रत्नेश कुमार दुबे के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम न्यायालय से निर्गत वारंटों की तामील और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में सोमवार सुबह पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर पांच वारंटी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
पहली कार्रवाई में उपनिरीक्षक कृपाशंकर सिंह ने गैंगस्टर एक्ट के मुकदमा संख्या 154/2020 (धारा 2/3(1) उत्तर प्रदेश गैंगस्टर एक्ट) से संबंधित वारंटी कृष्णा कुमार पुत्र मुन्ना राजभर, निवासी भलुही, थाना सुखपुरा को उसके घर से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के दौरान मानवाधिकार आयोग के निर्देशों का पालन करते हुए आरोपी को वारंट की जानकारी दी गई और नियमानुसार हिरासत में लिया गया।
दूसरी कार्रवाई में उपनिरीक्षक दुर्गेश नंदन ने अपनी टीम के साथ ग्राम भरखरा और पचखोरा में दबिश देकर न्यायालय से जारी वारंट के आधार पर हरेराम यादव (46 वर्ष), नन्दलाल यादव (53 वर्ष), गुप्तेश्वर यादव (56 वर्ष) निवासी भरखरा तथा अरविन्द (59 वर्ष) निवासी पचखोरा को गिरफ्तार किया। सभी अभियुक्तों को उनके विरुद्ध जारी वारंट की जानकारी देने के बाद विधिक प्रक्रिया का पालन करते हुए हिरासत में लिया गया।
गिरफ्तार सभी पांचों वारंटियों को थाना सुखपुरा लाकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की गई। इसके बाद उन्हें माननीय न्यायालय, बलिया के समक्ष पेश करने के लिए रवाना कर दिया गया।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम में उपनिरीक्षक कृपाशंकर सिंह, उपनिरीक्षक दुर्गेश नंदन, कांस्टेबल दिनेश चौधरी, हरिओम जायसवाल, हर्ष सिंह, महिला कांस्टेबल सपना सिंह, कांस्टेबल सत्यम मौर्य तथा विश्व विजय सिंह शामिल रहे।
सुखपुरा पुलिस की इस कार्रवाई को न्यायालय से जारी लंबित वारंटों के प्रभावी अनुपालन तथा अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान की एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।











