नीलेश वर्मा
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बैरिया (बलिया)।बलिया पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले एक सक्रिय अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। रविवार तड़के स्वाट, सर्विलांस और बैरिया थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान हुई मुठभेड़ में पुलिस पर गोली चलाने वाले एक आरोपी के पैर में जवाबी फायरिंग में गोली लगी। मौके से चोरी की 11 मोटरसाइकिलें, एक ट्रैक्टर-ट्रॉली, दो पम्पिंग सेट मोटर, चोरी में प्रयुक्त उपकरण तथा अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए गए।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) संजय वर्मा, क्षेत्राधिकारी बैरिया आलोक गुप्ता और प्रभारी निरीक्षक राजेन्द्र प्रसाद सिंह की निगरानी में की गई।
पुलिस के अनुसार रविवार सुबह करीब 2:45 बजे सूचना मिली कि चोरी की मोटरसाइकिलों को ट्रैक्टर-ट्रॉली पर लादकर बिहार ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने जयप्रकाश नगर बंधा मार्ग स्थित टोला बाज राय मोड़ के पास घेराबंदी कर वाहनों को रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान आरोपी हेमंत सिंह ने अवैध .315 बोर तमंचे से पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी और उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा भेजा गया।
पुलिस ने मौके से हेमंत सिंह के अलावा हर्ष राज सिंह उर्फ राज सिंह, दिनेश श्रीवास्तव, अनुज उपाध्याय उर्फ शिवम उपाध्याय तथा जयकुमार गोड़ उर्फ सन्टुल गोड़ को गिरफ्तार कर लिया।
बरामदगी में एक चोरी का ट्रैक्टर-ट्रॉली, 11 चोरी की मोटरसाइकिलें, दो पम्पिंग सेट मोटर, वाहन चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण, एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस शामिल हैं।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को जानकारी मिली है कि गिरोह उत्तर प्रदेश से वाहन चोरी कर उन्हें बिहार में बेचता था। गिरफ्तार आरोपियों पर पहले से भी चोरी, हत्या के प्रयास, आबकारी अधिनियम सहित कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
इस मामले में थाना बैरिया में मु0अ0सं0 232/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं आयुध अधिनियम की धारा 3/25 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया है। पुलिस अब बरामद वाहनों के वास्तविक स्वामियों की पहचान करने और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है। अधिकारियों का मानना है कि इस कार्रवाई से वाहन चोरी के कई पुराने मामलों का भी खुलासा हो सकता है।











