रिपोर्टर विजेन्द्र कुमार मौर्या राबर्ट्सगंज सोनभद्र PNP news
ओबरा (सोनभद्र)। प्रदेश की 1320 मेगावाट क्षमता वाली ओबरा ‘सी’ तापीय परियोजना से बिजली उत्पादन रविवार को पूरी तरह ठप हो गया। परियोजना की 660 मेगावाट क्षमता वाली दूसरी इकाई रविवार दोपहर तकनीकी खराबी के कारण बंद हो गई, जबकि पहली इकाई डीसीएस (डिस्ट्रिब्यूटेड कंट्रोल सिस्टम) फेल होने के कारण पिछले नौ जुलाई से ही बंद है।दोनों इकाइयों के बंद होने से परियोजना का उत्पादन शून्य हो गया। परियोजना से उत्पादन बंद होने का असर प्रदेश के कई जिलों की बिजली आपूर्ति पर पड़ा। अचानक उत्पादन घटने के कारण कई क्षेत्रों में ताबड़तोड़ बिजली कटौती करनी पड़ी, जिससे उमस और गर्मी के बीच लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।बाद में उच्च बिजली प्रबंधन ने प्रभावित क्षेत्रों में आपूर्ति सामान्य बनाए रखने के लिए महंगी दरों पर बिजली खरीदकर वैकल्पिक व्यवस्था की। परियोजना सूत्रों के अनुसार दूसरी इकाई रविवार दोपहर 2 बजकर 28 मिनट पर तकनीकी खराबी आने के कारण बंद करनी पड़ी। इकाई बंद होते ही इंजीनियरों की टीम ने फाल्ट का पता लगाकर उसे दूर करने का कार्य शुरू कर दिया।प्रबंधन का कहना है कि मरम्मत कार्य तेजी से किया जा रहा है और यदि सब कुछ योजना के अनुसार रहा तो दूसरी इकाई से मंगलवार देर शाम तक पुनः बिजली उत्पादन शुरू कर दिया जाएगा। वहीं पहली इकाई में डीसीएस सिस्टम की खराबी को दूर करने का कार्य भी लगातार जारी है।











