रिपोर्टर योगेश यादव पीएनपी न्यूज महाराष्ट्र
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
महाराष्ट्र के वसई पूर्व में वडघर गांव को जोड़ने वाला पुल शनिवार दोपहर अचानक ढह गया। हादसे के वक्त पुल से गुजर रहा एक भारी वाहन और एक कार टूटे हुए हिस्से में फंस गए। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन पुल टूटने से वडघर, कळभोण और लेंडी समेत कई गांवों का मुख्य संपर्क मार्ग पूरी तरह बंद हो गया।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार दोपहर करीब 3 बजे वसई पूर्व के वडघर मार्ग पर स्थित पुल अचानक भरभराकर गिर पड़ा। हादसे के समय पुल पर मौजूद एक भारी वाहन और एक चारपहिया वाहन ध्वस्त हिस्से में फंस गए। समय रहते चालक और अन्य लोग सुरक्षित बाहर निकल आए, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
यह पुल मेढे ग्राम पंचायत क्षेत्र के मेढे गांव को वडघर, कळभोण, लेंडी और आसपास की बस्तियों से जोड़ता है। इस मार्ग से स्थानीय लोगों के अलावा गौण खनिज खदानों से मिट्टी और मुरुम ले जाने वाले भारी वाहनों की भी रोजाना बड़ी संख्या में आवाजाही होती है।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि क्षमता से अधिक भार लेकर गुजरने वाले भारी वाहनों के कारण पुल लंबे समय से जर्जर हो चुका था। इस संबंध में कई बार प्रशासन को शिकायतें भी दी गईं, लेकिन समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। लोगों का कहना है कि प्रशासन की अनदेखी और भारी वाहनों के लगातार दबाव के चलते आखिरकार पुल ढह गया।
वडघर निवासी नंदकुमार पाटील ने बताया कि पुल गिरने से गांव का मुख्य संपर्क मार्ग बंद हो गया है। अब लोगों को गणेशपुरी मार्ग से होकर करीब 20 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय कर अपने गांव पहुंचना पड़ रहा है।











