PNP NEWS जनपद : बलिया | दिनांक : 19 जुलाई 2026
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बलिया। जनपद बलिया में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में स्वाट/सर्विलांस टीम एवं थाना बैरिया पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के बाद पांच अंतरराज्यीय वाहन चोरों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने इनके कब्जे से एक अवैध तमंचा, कारतूस, चोरी का एक ट्रैक्टर, एक ट्रैक्टर-ट्रॉली, 11 दोपहिया मोटरसाइकिलें, दो पंपिंग सेट मोटर तथा चोरी में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 19 जुलाई 2026 की रात लगभग 2:45 बजे स्वाट/सर्विलांस टीम एवं बैरिया पुलिस रात्रि गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ कुछ वाहन चोर बिहार की ओर जाने वाले मार्ग पर मौजूद हैं। पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपी हेमंत सिंह निवासी कुरैजी, थाना गड़वार ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में हेमंत सिंह के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए सीएचसी सोनबरसा भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। उसके कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस तथा एक खोखा कारतूस बरामद हुआ।
पुलिस ने इस कार्रवाई में हर्ष राज सिंह उर्फ राज सिंह, दिनेश श्रीवास्तव, अनुज उपाध्याय उर्फ शिवम उपाध्याय तथा जयकुमार गोड़ उर्फ सन्टुल गोड़ को भी गिरफ्तार किया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी चोरी किए गए वाहन बिहार में बेचने की तैयारी में थे।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। बरामद वाहनों और अन्य सामान के संबंध में भी जांच जारी है।











