माधोपुर प्राथमिक विद्यालय बना जनसहयोग और प्रशासनिक संवेदनशीलता का प्रेरणादायी
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों का किया गया भव्य अभिनंदन
पीएनपीप न्यूज़ रिपोर्ट
अब्दुल शफीक खान
आगर मालवा। आगर विकासखंड के अंतर्गत स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय माधोपुर कभी जर्जर भवन और मूलभूत सुविधाओं के अभाव से जूझ रहा था। विद्यालय में बच्चों के बैठने तक की समुचित व्यवस्था नहीं थी, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही थी। विद्यालय की इस स्थिति की जानकारी मिलने पर प्रशासनिक अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने संवेदनशीलता का परिचय देते हुए विद्यालय के नवीनीकरण एवं विकास कार्य के लिए आगे आकर सहयोग प्रदान किया।
विद्यालय की समस्याओं से अवगत होने पर सीएसपी मोतीलाल कुशवाहा ने विद्यालय का निरीक्षण कर शिक्षकों से चर्चा की और विद्यालय के विकास के लिए सहयोग का आश्वासन दिया। इसके साथ ही भाजपा जिला अध्यक्ष ओम मालवीय, नगर पालिका उपाध्यक्ष रऊफ मुल्तानी तथा जिला कांग्रेस अध्यक्ष विजयलक्ष्मी तंवर सहित कई समाजसेवियों ने भी आर्थिक एवं नैतिक सहयोग देकर विद्यालय के भवन को नया स्वरूप दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सभी के सामूहिक प्रयासों से विद्यालय आज आकर्षक, सुव्यवस्थित एवं बच्चों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण वाला परिसर बन गया है।
इसी उपलब्धि के उपलक्ष्य में विद्यालय परिसर में भवन विकास एवं नवीनीकरण सम्मान समारोह का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उन सभी प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं समाजसेवियों का सम्मान किया गया, जिन्होंने विद्यालय के विकास कार्य में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविंद्र कुमार बोयट, सीएसपी मोतीलाल कुशवाहा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष विजयलक्ष्मी तंवर तथा नगर पालिका उपाध्यक्ष रऊफ मुल्तानी रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों का पुष्पमाला एवं दुपट्टा पहनाकर आत्मीय स्वागत और सम्मान किया।
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी नितेश पांडे, पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी सौरभ जैन, डीपीसी महेश जाटव, दिनेश कुंभकार, जनशिक्षक गोकुल, आगर कोतवाली थाना प्रभारी शशि उपाध्याय, सुनीता परिहार एवं आशा लकवाल का भी विद्यालय परिवार द्वारा सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में जिले के वरिष्ठ पत्रकार दिलीप दादू, गिरीश सक्सेना, रितेश खंडेलवाल, सचिन खरे, अब्दुल शफीक खान, देवेंद्र मेवाड़ा, बहादुर सिंह पंवार सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में अतिथियों ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण एवं प्रेरणादायी शैक्षणिक वातावरण बच्चों के सर्वांगीण विकास की आधारशिला होता है। उन्होंने विद्यालय परिवार के प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में भी शिक्षा के क्षेत्र में हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया। वहीं सीएसपी मोतीलाल कुशवाहा ने विद्यार्थियों को खेल सामग्री भेंट कर उन्हें खेल एवं शिक्षा दोनों क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
समारोह का वातावरण आत्मीयता, सम्मान और सामाजिक सहभागिता से परिपूर्ण रहा। अंत में सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं जनप्रतिनिधियों ने स्नेह भोज में सहभागिता की तथा विद्यालय के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय परिवार ने कार्यक्रम को सफल बनाने वाले सभी प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
विशेष: माधोपुर प्राथमिक विद्यालय का यह नवीनीकरण इस बात का उत्कृष्ट उदाहरण है कि जब प्रशासन, जनप्रतिनिधि और समाज मिलकर सकारात्मक पहल करते हैं, तो सीमित संसाधनों वाला विद्यालय भी बच्चों के लिए प्रेरणादायी शिक्षा केंद्र बन सकता है।











