November 2, 2026 11:29 pm

बदायूं: मक्का के खेत में छात्रा का शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका; जांच में जुटी पुलिस

रिपोर्ट: मनोज यादव | बदायूं

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

बदायूं जिले के बिल्सी थाना क्षेत्र के रामपुर टांडा गांव में मक्का के खेत से एक छात्रा का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

परिजनों के अनुसार छात्रा सुबह घर से कॉलेज जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन देर तक वापस नहीं लौटी। काफी तलाश के बाद उसका शव गांव के पास मक्का के खेत में मिला। परिजनों ने आरोप लगाया है कि छात्रा की चुन्नी से गला दबाकर हत्या की गई है। उनका यह भी कहना है कि मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हो सकता है और इसी के चलते वारदात को अंजाम दिया गया।

परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने नामजद आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

इस मामले में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) हृदेश कठेरिया ने बताया कि छात्रा का शव खेत से बरामद हुआ है। परिजनों की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मृत्यु के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी संभावित पहलुओं, जिनमें प्रेम प्रसंग का एंगल भी शामिल है, की गंभीरता से जांच कर रही है। दोषी के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें