रिपोर्टर योगेश यादव पीएनपी न्यूज महाराष्ट्र
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश का असर अब जनजीवन पर साफ दिखाई देने लगा है। शहर के कई हिस्सों से जलभराव, पेड़ गिरने और अन्य हादसों की खबरें सामने आ रही हैं। इसी बीच घाटकोपर के विक्रांत सर्कल के पास एक बड़ा पेड़ अचानक उखड़कर गिर गया, जिससे वहां खड़ी चार कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह पेड़ काफी समय से जर्जर हालत में था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि लगभग आठ दिन पहले इस पेड़ को लेकर नगर निगम (BMC) में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत के बाद निगम का एक अधिकारी मौके पर पहुंचा और निरीक्षण भी किया, लेकिन इसके बावजूद पेड़ को हटाने या आवश्यक कार्रवाई करने के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई की जाती, तो इस हादसे से बचा जा सकता था। घटना के बाद नागरिकों ने BMC की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए लापरवाही का आरोप लगाया है। वहीं, लगातार हो रही बारिश के बीच शहर में पेड़ गिरने की बढ़ती घटनाओं को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।











