रिपोर्टर योगेश यादव/PNP न्यूज महाराष्ट्र
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
महाराष्ट्र में शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) पेपर लीक मामले के बाद राज्य सरकार ने कई बड़े फैसले लिए हैं। सरकार ने संकेत दिए हैं कि अब अगले साल से TET परीक्षा ऑनलाइन माध्यम से आयोजित की जाएगी। इसके लिए जल्द ही एक उच्चस्तरीय कमेटी बनाई जाएगी, जो ऑनलाइन परीक्षा की पूरी व्यवस्था और संभावनाओं का अध्ययन करेगी।
विधानसभा में शिक्षा मंत्री ने सरकार की ओर से जानकारी देते हुए कहा कि पेपर लीक के कारण रद्द हुई परीक्षा के लिए उम्मीदवारों से दोबारा परीक्षा का कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।
ऑनलाइन परीक्षाओं को लेकर बनेगी समिति
सरकार ने भविष्य में सभी भर्ती और प्रतियोगी परीक्षाओं को पारदर्शी बनाने के लिए मुख्य सचिव की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समिति गठित करने का फैसला किया है। समिति राज्य की सभी परीक्षाओं को ऑनलाइन कराने की संभावनाओं पर रिपोर्ट तैयार कर सरकार को सौंपेगी।
पेपर बेचने की कोशिश में 3 आरोपी गिरफ्तार
मंत्री ने बताया कि TET प्रश्नपत्र बेचने की कोशिश कर रहे तीन आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। आरोपियों के पास से परीक्षा का प्रश्नपत्र बरामद किया गया है। मामले में की अपराध शाखा ने SIT गठित कर जांच शुरू कर दी है।
जांच के लिए पुलिस टीमें हरियाणा, बिहार और दिल्ली भेजी गई हैं। आरोपियों पर महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) लगाने की दिशा में भी कानूनी प्रक्रिया जारी है।
परीक्षा से एक दिन पहले सामने आया था पेपर लीक मामला
महाराष्ट्र TET परीक्षा का पेपर परीक्षा से एक दिन पहले लीक होने की जानकारी सामने आई थी। इसके बाद सरकार ने परीक्षा स्थगित कर दी। अब सरकार ने परीक्षा प्रणाली को सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए ऑनलाइन व्यवस्था लागू करने की तैयारी शुरू कर दी है।











