रिपोर्टर योगेश यादव | पीएनपी न्यूज महाराष्ट्र
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
महाराष्ट्र के नासिक जिले के बागलान तालुका के आखतवाडे गांव में फूड पॉइजनिंग का संदिग्ध मामला सामने आया है। यहां मटन खाने के बाद एक बुजुर्ग दंपती की अचानक तबीयत खराब हो गई। इलाज के दौरान 68 वर्षीय महिला द्वारकाबाई की मौत हो गई, जबकि उनके 78 वर्षीय पति शांताराम की हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, रविवार रात दंपती ने घर पर मटन बनाया था। खाना खाने के बाद उन्होंने दही भी खाई, जिसके कुछ समय बाद दोनों को उल्टी, बेचैनी और कमजोरी जैसी परेशानी होने लगी। परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान द्वारकाबाई ने दम तोड़ दिया। वहीं शांताराम का इलाज मालेगांव के निजी अस्पताल के ICU में जारी है।
घटना के बाद पुलिस और स्वास्थ्य विभाग ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने खाने के नमूने इकट्ठा कर जांच के लिए पुणे की लैब भेजे हैं। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा कि तबीयत खराब होने की असली वजह क्या थी।
फिलहाल मटन या दही में से किसी एक को घटना का कारण मानना जल्दबाजी होगी। जांच रिपोर्ट के बाद ही फूड पॉइजनिंग के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।











