रिपोर्टर विजेन्द्र कुमार मौर्या राबर्ट्सगंज सोनभद्र PNP news।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सघन पल्स पोलियो महाअभियान रविवार से शुरू हो गया है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने आज प्राथमिक विद्यालय लोढ़ी में एक नवजात शिशु को पोलियो की दो बूंदें पिलाकर इस अभियान का विधिवत शुभारंभ किया।इस अवसर पर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि पोलियो एक गंभीर बीमारी है, और समय पर दी गई दो बूंदें बच्चों को आजीवन सुरक्षा प्रदान करती हैं। उन्होंने जनपद के सभी अभिभावकों से अपील की कि 0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाई जाए, भले ही उन्हें पहले कितनी भी बार दवा दी गई हो। उन्होंने जोर दिया कि कोई भी बच्चा इस अभियान से वंचित नहीं रहना चाहिए।जिलाधिकारी ने सभी जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों, आशा कार्यकर्ताओं, शिक्षकों, स्वयंसेवी संस्थाओं और मीडिया प्रतिनिधियों से इस अभियान को जन-जन तक पहुँचाने में सहयोग करने का आग्रह किया।मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रमेश कुमार मिश्रा ने बताया कि पल्स पोलियो अभियान का मुख्य उद्देश्य जनपद के 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के प्रत्येक बच्चे तक पोलियो की खुराक पहुँचाना है। इसके लिए जनपद में पोलियो बूथ, ट्रांजिट बूथ और घर-घर भ्रमण की व्यापक व्यवस्था की गई है।डॉ. मिश्रा ने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों को निकटतम पोलियो बूथ पर अवश्य लाएं। यदि किसी कारणवश बूथ तक पहुँचना संभव न हो, तो घर आने वाली स्वास्थ्य टीम से बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य दिलवाएं।जनपद में कुल 3,07,095 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए 1092 पोलियो बूथ, 36 ट्रांजिट टीमें और 7 मोबाइल टीमों का गठन किया गया है। बूथ दिवस पर 0 से 5 वर्ष आयु के बच्चों को प्रातः 9:00 बजे से सायं 4:00 बजे तक पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रमेश कुमार मिश्रा, जिला कार्यक्रम अधिकारी विनीत कुमार सिंह, गिरधारी लाल सहित अन्य अधिकारी और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी उपस्थित थे।











