रिपोर्टर विजेन्द्र कुमार मौर्या राबर्ट्सगंज सोनभद्र PNP news।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सोनभद्र में सदर तहसील के अधिवक्ताओं ने शनिवार को तहसील परिसर के समक्ष भ्रष्टाचार और मनमानी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन, सोनभद्र के अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह एडवोकेट के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने उप जिलाधिकारी, रॉबर्ट्सगंज को चार सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में तहसील रॉबर्ट्सगंज में व्याप्त अनियमितताओं और कार्यशैली पर कड़ी आपत्ति दर्ज कराई गई।डीबीए के पूर्व अध्यक्ष जगजीवन सिंह एडवोकेट ने आरोप लगाया कि तहसील में कई मामलों का निस्तारण संबंधित पक्षों और अधिवक्ताओं को पर्याप्त अवसर दिए बिना किया जा रहा है, जो प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों के विपरीत है। अधिवक्ताओं ने नायब तहसीलदार विजयगढ़ पर मामलों का त्वरित और मनमाने ढंग से निस्तारण करने का आरोप लगाया, जिससे अधिवक्ताओं और वादकारियों में असंतोष है।
कुछ वादकारियों ने अवैध धनराशि लेकर प्रकरणों के निस्तारण के गंभीर आरोप भी लगाए हैं। एसोसिएशन ने इन आरोपों की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। बार एसोसिएशन के महामंत्री राजेंद्र कुमार यादव एडवोकेट ने कहा कि अधिवक्ताओं की बातों को गंभीरता से नहीं सुना जाता और वादकारियों के साथ असम्मानजनक व्यवहार तथा अनावश्यक देरी की शिकायतें लगातार मिल रही हैं।इससे न्यायिक व्यवस्था की निष्पक्षता पर सवाल उठ रहे हैं। एसोसिएशन ने प्रशासन से मांग की है कि तहसील रॉबर्ट्सगंज में न्यायिक और राजस्व कार्यों में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए, प्रत्येक पक्ष को निष्पक्ष सुनवाई का अवसर मिले और भ्रष्टाचार तथा मनमानी पर तत्काल प्रभावी अंकुश लगाया जाए।
डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, तो अधिवक्ता समुदाय जनहित और न्यायहित में लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। विरोध प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने वालों में प्रमुख रूप से अधिवक्ता कामता प्रसाद यादव, राजेश यादव, पवन कुमार सिंह और सुरेश सिंह कुशवाहा सहित अन्य अधिवक्ता शामिल रहे।











