*अहीरवाल के शौर्य की गाथा संजोएगा नसीबपुर स्मारक, नई पीढ़ी को देगा राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा: आरती सिंह राव
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
*मुख्यमंत्री ने की नसीबपुर स्मारक परियोजना की प्रगति की समीक्षा*
नारनौल, रेवाड़ी 24 जून चीफ ब्यूरो दीपक तिवारी
हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा अहीरवाल क्षेत्र के वीर शहीदों के अदम्य साहस, संघर्ष और बलिदान को चिरस्थायी सम्मान देने के लिए नसीबपुर में भव्य शहीद स्मारक का निर्माण किया जाएगा। यह स्मारक न केवल क्षेत्र के गौरवशाली इतिहास को सहेजेगा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों में राष्ट्रभक्ति और देश सेवा की भावना को भी जागृत करेगा।
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में आयोजित महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में नसीबपुर स्मारक परियोजना की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में स्मारक के प्रस्तावित डिजाइन, अवधारणा और निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति की गहनता से जानकारी ली गई तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
उन्होंने बताया कि लगभग 42 कनाल 10 मरला क्षेत्र में विकसित किए जा रहे इस भव्य स्मारक परिसर में ओपन एयर थिएटर, लाइट एंड साउंड शो, आधुनिक गैलरी, ऑडिटोरियम, प्रशासनिक भवन सहित कई अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। स्मारक परिसर को इस प्रकार तैयार किया जाएगा कि आगंतुकों को अहीरवाल के वीर शहीदों के इतिहास, शौर्य और बलिदान की प्रेरणादायक जानकारी मिल सके।
आरती सिंह राव ने कहा कि मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्मारक परिसर के सौंदर्यीकरण, हरित क्षेत्र विकास तथा आगंतुकों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पर्याप्त पार्किंग, सुगम आवागमन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए भी कहा गया है, ताकि पर्यटकों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल द्वारा दिए गए सुझावों के अनुरूप परियोजना के डिजाइन एवं अन्य पहलुओं को और अधिक आकर्षक एवं प्रभावी बनाया जाएगा। नसीबपुर स्मारक अहीरवाल क्षेत्र की वीरता, बलिदान और राष्ट्रभक्ति का एक जीवंत प्रतीक बनकर उभरेगा तथा प्रदेश के प्रमुख प्रेरणास्थलों में अपनी विशेष पहचान स्थापित करेगा।











