रिपोर्टर योगेश यादव/पीएनपी न्यूज महाराष्ट्र
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
मुंबई BEST हड़ताल खत्म, धीरे-धीरे पटरी पर लौट रही बस सेवा
मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली BEST (बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट) कर्मचारियों की तीन दिन चली हड़ताल रविवार रात समाप्त हो गई। सोमवार सुबह से कर्मचारी चरणबद्ध तरीके से ड्यूटी पर लौटने लगे, लेकिन शहर की बस सेवा अभी पूरी तरह सामान्य नहीं हो पाई है।
हड़ताल खत्म होने के बाद BEST की अपनी 188 बसों में से 165 बसें सड़कों पर उतरीं। वहीं 1,454 ड्राइवरों में से 835 और 2,198 कंडक्टरों में से 1,325 कर्मचारी काम पर वापस पहुंचे। इसके अलावा वेट-लीज मॉडल की 2,339 बसों में से 1,271 बसों का संचालन शुरू हुआ।
BEST संयुक्त कृती समिति के संयोजक एडवोकेट उदय आंबोणकर ने बताया कि कर्मचारी धीरे-धीरे काम पर लौट रहे हैं और जल्द ही बस सेवाएं पूरी क्षमता से शुरू हो जाएंगी।
क्यों हुई थी हड़ताल?
BEST की 12 यूनियनों की संयुक्त समिति ने गुरुवार रात से हड़ताल शुरू की थी। कर्मचारियों का आरोप था कि उनकी मांगों पर समय पर निर्णय नहीं लिया गया। रविवार को सरकार की ओर से कुछ मांगें मानने और बाकी मुद्दों पर जल्द समाधान का आश्वासन मिलने के बाद हड़ताल समाप्त कर दी गई।
BEST मुंबई की लोकल ट्रेन के बाद शहर की दूसरी सबसे बड़ी सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था है, जिससे रोजाना लाखों यात्री सफर करते हैं। हालांकि हड़ताल खत्म होने के बाद भी सोमवार सुबह कई इलाकों में बसों की संख्या कम रही, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
BEST प्रशासन ने यात्रियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि अगले कुछ दिनों में बस सेवा पूरी तरह सामान्य हो जाएगी।











