रिपोर्टर: योगेश यादव | PNP न्यूज़ महाराष्ट्र
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
नाशिक-मुंबई महामार्ग पर दर्दनाक हादसा: ट्रक की टक्कर में महिला की मौत, डिप्टी सीएम ने रुकवाया काफिला
महाराष्ट्र के नाशिक-मुंबई महामार्ग पर आर.सी. पाटील पुल के पास गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा सामने आया। तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी, जिसमें बाइक पर सवार महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, एक दंपति बाइक से भिवंडी से ठाणे की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान आर.सी. पाटील पुल के पास पीछे से आए ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि बाइक पर पीछे बैठी महिला सड़क पर गिर गई और ट्रक के पहिए की चपेट में आ गई, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग और ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंचे। घायल बाइक चालक को तत्काल इलाज के लिए उपजिला अस्पताल, भिवंडी भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है।
बताया जा रहा है कि इसी दौरान महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भिवंडी के साया गार्डन क्षेत्र से ठाणे की ओर जा रहे थे। हादसा देखकर उन्होंने अपना काफिला रुकवाया और मौके का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को घायलों को तुरंत चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और आवश्यक मदद के निर्देश दिए।
हादसे के चलते कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और यातायात को दोबारा सुचारू कराया। फिलहाल मृत महिला की पहचान और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस ट्रक चालक से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।











