November 2, 2026 9:49 pm

19 नवंबर के राष्ट्रव्यापी धरना-प्रदर्शन के लिए पोस्टर का विमोचन, ड्राइवरों की मांगों पर सरकार को फैसला करना होगा -भारतीय मजदूर संघ

देश के ड्राइवरों के लिए राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर कल्याण बोर्ड का गठन – भारतीय मजदूर संघ

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

सामाजिक सुरक्षा की व्यवस्था करें केन्द्र सरकार – भारतीय मजदूर संघ

ड्राईवरों की प्रमुख मांगों पर सरकार को गंभीरता से विचार कर आवश्यक कदम उठाने चाहिए – भारतीय मजदूर संघ

 

सेहत सार समाचार गुरुग्राम, ब्यूरो

 

19 नवंबर का राष्ट्रव्यापी धरना-प्रदर्शन देश के करोड़ों ड्राइवरों और उनके परिवारों के सामाजिक एवं आर्थिक भविष्य से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाने का एक सशक्त मंच होगा साबित – भारतीय प्राइवेट ट्रांसपोर्ट मजदूर महासंघ

भारतीय मजदूर संघ की अखिल भारतीय औद्योगिक इकाई भारतीय प्राइवेट ट्रांसपोर्ट मजदूर महासंघ की ओर से आगामी 19 नवंबर 2026 को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले विशाल राष्ट्रव्यापी धरना-प्रदर्शन के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जनजागरण के उद्देश्य से तैयार किए गए पोस्टर का विमोचन भारतीय मजदूर संघ के अखिल भारतीय महामंत्री श्री सुरेन्द्र कुमार पांडेय ने किया।

इस अवसर पर भारतीय मजदूर संघ के अखिल भारतीय कोषाध्यक्ष श्री अनीश मिश्रा, भारतीय प्राइवेट ट्रांसपोर्ट मजदूर महासंघ के अखिल भारतीय अध्यक्ष श्री योगेश शर्मा, अखिल भारतीय कोषाध्यक्ष श्री दीपक कुमार तथा उत्तर पश्चिम बंगाल के प्रभारी श्री शंभु देव मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

पोस्टर विमोचन के अवसर पर भारतीय मजदूर संघ के अखिल भारतीय महामंत्री श्री सुरेन्द्र कुमार पांडेय ने कहा कि देश के ड्राइवरों के हितों की रक्षा और उनकी जायज मांगों के समाधान के लिए सरकार को ठोस निर्णय लेने होंगे। देश की अर्थव्यवस्था, परिवहन व्यवस्था और आम जनजीवन को सुचारु बनाए रखने में निजी परिवहन क्षेत्र के ड्राइवरों की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसके बावजूद ड्राइवरों को सामाजिक सुरक्षा, आर्थिक संरक्षण और कल्याणकारी सुविधाओं के लिए अनेक चुनौतियों का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने कहा कि देश के ड्राइवरों के लिए राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर कल्याण बोर्ड का गठन, सामाजिक सुरक्षा की व्यवस्था तथा निजी परिवहन क्षेत्र के श्रमिकों की अन्य प्रमुख मांगों पर सरकार को गंभीरता से विचार कर आवश्यक कदम उठाने चाहिए। ड्राइवरों को सम्मानजनक जीवन, सुरक्षित भविष्य और उचित कल्याणकारी सुविधाएं उपलब्ध कराना समय की आवश्यकता है।

श्री पांडेय ने स्पष्ट कहा कि भारतीय मजदूर संघ का एक-एक कार्यकर्ता भारतीय प्राइवेट ट्रांसपोर्ट मजदूर महासंघ के साथ खड़ा है। ड्राइवरों के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए संगठन पूरी प्रतिबद्धता के साथ उनके संघर्ष में सहभागी रहेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आगामी 19 नवंबर को दिल्ली में होने वाला राष्ट्रव्यापी धरना-प्रदर्शन देश के ड्राइवरों की एकजुटता, सामर्थ्य और जायज मांगों को प्रभावशाली ढंग से सरकार के सामने प्रस्तुत करेगा।

उन्होंने कहा कि इस आंदोलन के माध्यम से देशभर के ड्राइवर अपनी समस्याओं और अपेक्षाओं को सरकार के समक्ष रखेंगे तथा यह संदेश देंगे कि निजी परिवहन क्षेत्र के श्रमिकों की उपेक्षा अब स्वीकार्य नहीं है। सरकार को ड्राइवरों की समस्याओं का समाधान करने की दिशा में ठोस पहल करनी होगी।

भारतीय प्राइवेट ट्रांसपोर्ट मजदूर महासंघ के अखिल भारतीय अध्यक्ष श्री योगेश शर्मा ने कहा कि 19 नवंबर का राष्ट्रव्यापी धरना-प्रदर्शन देश के करोड़ों ड्राइवरों और उनके परिवारों के सामाजिक एवं आर्थिक भविष्य से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाने का एक सशक्त मंच होगा। महासंघ का उद्देश्य निजी परिवहन क्षेत्र में कार्यरत ड्राइवरों को संगठित कर उनकी समस्याओं का लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से समाधान सुनिश्चित कराने के लिए सरकार का ध्यान आकर्षित करना है।

उन्होंने देशभर के ऑटो, टैक्सी, बस, ट्रक, एम्बुलेंस तथा अन्य निजी परिवहन साधनों से जुड़े ड्राइवरों और श्रमिकों से आह्वान किया कि वे 19 नवंबर 2026 को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले राष्ट्रव्यापी धरना-प्रदर्शन में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर अपनी एकजुटता का परिचय दें।

पोस्टर विमोचन कार्यक्रम के माध्यम से महासंघ ने आगामी आंदोलन की तैयारियों को गति देने तथा देश के विभिन्न राज्यों में ड्राइवरों के बीच अपनी मांगों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संकल्प दोहराया।

भारतीय प्राइवेट ट्रांसपोर्ट मजदूर महासंघ का आह्वान है कि ड्राइवरों को सामाजिक सुरक्षा, सम्मान और न्याय दिलाने के लिए देशभर के परिवहन श्रमिक एकजुट होकर 19 नवंबर के राष्ट्रव्यापी आंदोलन को सफल बनाएं।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें