November 2, 2026 7:00 pm

रानीगंज से एनएच-31 जोड़ने वाली सड़क पर गड्ढों का साम्राज्य। छात्रों और ग्रामीणों को भारी परेशानी, लोक निर्माण विभाग पर लापरवाही का आरोप।

तहसील संवाददाता अजीत कुमार सिंह

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

बैरिया बलिया। बैरिया तहसील क्षेत्र के रानीगंज बाजार से दर्जनों गांवों और प्रमुख शिक्षण संस्थानों को एनएच-31 से जोड़ने वाली मुख्य सड़क वर्षों से जर्जर होकर गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। सड़क की दुर्दशा के चलते आमजन और छात्रों को आए दिन परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

गोंहिया छपरा निवासी छात्र नेता संतोष सिंह ने कहा कि “सड़क केवल कागजों पर बन रही है, जमीन पर कोई कार्य नहीं दिखता। यदि शीघ्र मरम्मत नहीं हुई तो हम तहसील प्रशासन को ज्ञापन सौंपेंगे।”

यह मार्ग कोटवा सुदिष्टपुरी इंटर कॉलेज, डिग्री कॉलेज, स्व. मैनेजर सिंह पॉलिटेक्निक कॉलेज, आईटीआई, तथा कई प्राथमिक और निजी विद्यालयों को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है। जर्जर सड़क के कारण छात्र अक्सर गिरकर घायल हो रहे हैं, वहीं ई-रिक्शा व अन्य वाहन चालकों को भारी मुश्किलें झेलनी पड़ रही हैं।

इब्राहिमाबाद के हरेराम सिंह, हजारी सिंह, चंद्रकांत सिंह, भिखा छपरा के चंद्रशेखर सिंह और बिशनपुर के वीरेंद्र सिंह ने भी सड़क की जल्द मरम्मत की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में लोक निर्माण विभाग को कई बार शिकायत दी गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। विभागीय उदासीनता से लोगों में गहरा आक्रोश है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि सड़क की मरम्मत जल्द नहीं कराई गई तो आगामी श्री सुदिष्ट बाबा मेला, जो अगहन सुदी पंचमी से प्रारंभ होकर लगभग एक माह तक चलेगा, उसमें श्रद्धालुओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।

हर वर्ष इस मेले में लाखों श्रद्धालु बाबा के दर्शन और प्रसाद भोग के लिए आते हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से अपील की है कि मेले से पूर्व सड़क की मरम्मत कराई जाए ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के जेई से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका मोबाइल स्विच ऑफ मिला।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें