प्रदेश ब्यूरो चीफ हरियाणा दीपक तिवारी
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा सेतु’ के माध्यम से आयोजित किए जा रहे खंड स्तरीय शिविरों की कड़ी में सोमवार को खोल खंड में शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पात्र परिवारों को दी गई तथा योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए पात्र नागरिकों का पंजीकरण भी किया गया।
इस अवसर पर एडीसी राहुल मोदी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने पात्र परिवारों से आह्वान किया कि वे सेवा सेतु अभियान के तहत लगाए जा रहे खंड स्तरीय शिविरों में पहुंचकर योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें और पात्रता के अनुसार उनका लाभ उठाएं। शिविर में मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। संबंधित विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों ने नागरिकों को योजनाओं के लिए निर्धारित पात्रता, आवश्यक दस्तावेज तथा आवेदन एवं पंजीकरण प्रक्रिया के बारे में अवगत कराया। पात्र लाभार्थियों के मौके पर ही पंजीकरण की प्रक्रिया भी पूरी की गई।
एडीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में आने वाले नागरिकों की समस्याओं एवं आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिविरों का उद्देश्य पात्र परिवारों को सरकारी योजनाओं से जोड़ना और उन्हें योजनाओं का लाभ लेने के लिए एक ही स्थान पर आवश्यक जानकारी एवं सुविधा उपलब्ध कराना है।उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे इन शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें तथा सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ उठाकर अपने परिवार की आर्थिक एवं सामाजिक स्थिति को बेहतर बनाने की दिशा में आगे बढ़ें।











