रेवाड़ी, 02 जनवरी ब्यूरो चीफ दीपक तिवारी
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
डीसी अभिषेक मीणा ने पीएम सूर्य घर-मुफ्त बिजली योजना, जगमग योजना और लाइन लोसिस को लेकर शुक्रवार को लघु सचिवालय स्थित अपने कार्यालय में बिजली निगम के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। डीसी ने जिला में पीएम सूर्य घर-मुफ्त बिजली के तहत लगाए गए सोलर कनेक्शन की जानकारी लेते हुए अधिक से अधिक घरों को योजना से जोड़ने को लेकर अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।
डीसी अभिषेक मीणा ने कहा कि पीएम सूर्य घर-मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत सौर ऊर्जा बढ़ावा दिया जा रहा है, जिसमें सौर ऊर्जा से संचालित होने वाले सोलर पैनल स्थापित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा शुरू की गई यह एक महत्वाकांक्षी योजना है, जिसके तहत घरों के साथ-साथ सभी सरकारी भवनों, शिक्षण संस्थानों व आंगनबाड़ी केन्द्रों में भी सोलर पैनल लगाए जा रहे हैं। डीसी ने बैठक के दौरान म्हारा गांव जगमग योजना और लाइन लोसिस के बारे में भी विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों निर्देश दिए कि जिला में बिजली चोरी की निरंतर निगरानी रखते हुए चेकिंग की जाए। इसके अलावा जिला में निर्बाध बिजली सप्लाई दी जानी सुनिश्चित की जाए। डीएचबीवीएन के अधीक्षक अभियंता पीके चौहान ने बैठक में बताया कि पीएम सूर्य घर-मुफ्त बिजली योजना के तहत जिला में अब तक 7705 लोगों ने सोलर कनेक्शन का लाभ लेने के लिए आवेदन किया है जिनमें से 7697 आवेदन सही पाए गए है। उन्होने बताया कि अब तक जिला में 4409 सोलर कनेक्शन लगा दिए गए हैं। वहीं 4163 उपभोक्ताओं को सब्सिडी का लाभ भी दिया जा चुका है। जिला में योजना के तहत सोलर कनेक्शन लगाने का कार्य तेजी से चल रहा है। इसके अलावा योजना के बारे में जानकारी देते हुए आमजन को कनेक्शन लगवाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। इस अवसर पर एडीसी राहुल मोदी और एसीयूटी रूहानी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।











