November 2, 2026 9:37 pm

हरियाणा समाचार :आकांक्षी खंड को प्रेरणादायक खंड बनाना है भारत सरकार का मकसद- आईआरएस अधिकारी वंदना

नाहड़ खंड की प्रभारी व पेट्रो रसायन विभाग की निदेशक ने किया नाहड़ का दौरा

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

 

रेवाड़ी 22 दिसंबर चीफ ब्यूरो दीपक तिवारी

आकांक्षी खंड नाहड़ में भारत सरकार के नीति आयोग की ओर से नियुक्त की गई प्रभारी एवं रसायन एवं पेट्रो रसायन विभाग की निदेशक आईआरएस अधिकारी वंदना ने एसडीएम विजय कुमार यादव के साथ नाहड़ ब्लॉक का विस्तृत दौरा किया तथा यहां के अधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों के साथ नाहड़ की उन्नति को लेकर विचार-विमर्श किया। उन्होंने कहा कि नीति आयोग की समीक्षात्मक बैठक में आगे की कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

आईआरएस अधिकारी वंदना ने सर्वप्रथम कोसली के राजकीय मॉडल संस्कृति विद्यालय का दौरा किया और यहां चलाई जा रही बुनियाद प्रोग्राम की कक्षा का अवलोकन किया। एसडीएम विजय कुमार यादव ने बताया कि हरियाणा सरकार ने सरकारी स्कूल में ही बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करवाने के लिए यह बुनियाद कार्यक्रम शुरू किया है। इस प्रोग्राम के सहारे अनेक विद्यार्थियों ने जेईई, नीट आदि परीक्षाओं में सफलता हासिल की है। विद्यालय प्रांगण में प्राचार्य दयानंद भारद्वाज ने अधिकारियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उसके बाद प्रभारी वंदना ने नाहड़ के संरक्षित वन क्षेत्र का दौरा किया और यहां काला हिरण व हिरण की अन्य प्रजातियों को देखा। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में इको टूरिज्म को और बढ़ावा दिया जा सकता है। उसके पश्चात उन्होंने नाहड़ के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। खंड शिक्षा अधिकारी डा. राजेंद्र यादव ने स्कूल में चलाए जा रहे वोकेशन ट्रेनिंग सेंटर, दिव्यांग विद्यार्थियों को शिक्षित करने के लिए चलाए जा रहे आईईडी प्रोग्राम व स्कूल की विज्ञान प्रयोगशाला का अवलोकन करवाया। बीईओ डा. राजेंद्र यादव ने बताया कि नाहड़ ब्लॉक के स्कूलों में 105 दिव्यांग विद्यार्थी हैं, इन्हें शिक्षित करने के लिए चार विशेष अध्यापकों ने अन्य अध्यापकों को प्रशिक्षण दिया है।राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नाहड़ में प्रभारी वंदना ने सरकारी स्कूलों में शिक्षा के उत्थान के लिए चलाए गए इन कार्यक्रमों को सराहनीय बताया। प्राचार्य जितेंद्र सिंह ने बताया कि उनके विद्यालय ने साइंस कंपीटिशन व अन्य प्रतियोगिताओं में पुरस्कार हासिल किए हैं। राजकीय विद्यालयों के लिए वाहनों की व्यवस्था हो जाए तो बच्चों की संख्या में और बढ़ोतरी हो सकती है। प्रभारी वंदना ने कहा कि बच्चों को कचरा प्रबंधन के बारे में अभी से बताया जाए तो भविष्य में ये स्वच्छता के प्रहरी बन सकते हैं।

इसके बाद रसायन व पेट्रो रसायन विभाग की निदेशक ने नाहड़ के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया तथा स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। नाहड़ विश्रामगृह में प्रभारी वंदना ने पंचायत समिति के चेयरमैन दुष्यंत सिंह और सरपंच महेंद्र सिंह यादव के साथ खंड के विकास को लेकर बातचीत की। उन्होंने कहा कि परंपरागत खेती के साथ किसानों को बागवानी, मत्स्य पालन आदि को भी अपनाना चाहिए। इस मौके पर एसडीएम विजय कुमार यादव ने प्रभारी वंदना को आकांक्षी खंड नाहड़ में सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।इस मौके पर प्रभारी वंदना ने बताया कि भारत सरकार के नीति आयोग की कोशिश है कि इन आकांक्षी खंडों को इतना उन्नतशील बनाया जाए कि ये दूसरे खंडों के लिए भी प्रेरणादायी बन सके। उनके साथ जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी एसपी बंसल, बीडीपीओ अनिल कुमार यादव, फॉरेस्ट रेंजर ईश्वर सिंह आदि मौजूद रहे।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें