November 3, 2026 12:31 am

सोनभद्र: लापता छात्र मिला, अहरौरा घाटी में फेंका गया, ट्रक चालक ने पहुंचाया घर**

रिपोर्टर: विजेन्द्र कुमार मौर्या, राबर्ट्सगंज (PNP News)*

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बर्दिया गांव से लापता 14 वर्षीय छात्र विनायक तिवारी दो दिन बाद मीरजापुर की अहरौरा घाटी में घायल अवस्था में मिला। एक ट्रक चालक की सतर्कता से उसे सुरक्षित घर पहुंचाया जा सका।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बर्दिया निवासी हौसला प्रसाद तिवारी का पुत्र विनायक शुक्रवार सुबह विद्यालय जाने की बात कहकर घर से निकला था। लेकिन वह विद्यालय न जाकर अपने ममेरे भाई सत्यम के साथ घोरावल चला गया। दोपहर में सत्यम उसे इंडियन बैंक शिवद्वार के पास छोड़कर अपने घर चला गया, जिसके बाद विनायक लापता हो गया।

परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। रविवार को एक ट्रक चालक ने मीरजापुर के अहरौरा घाटी में उसे घायल अवस्था में देखा और उसकी पहचान कर उसे बर्दिया गांव पहुंचाया।

पीड़ित छात्र के अनुसार, वह शिवद्वार स्थित संग्रहालय के पास था, तभी चार पहिया वाहन सवार कुछ अज्ञात लोगों ने उसके चेहरे पर स्प्रे मारकर उसे बेहोश कर दिया। इसके बाद वे उसे वाहन में उठाकर मीरजापुर के अहरौरा घाटी में ले जाकर फेंक गए।

परिजनों ने उसे तत्काल घोरावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। सूचना मिलने पर शिवद्वार चौकी प्रभारी कविंद्र यादव अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली।

विनायक तिवारी हिरनखुड़ी गांव स्थित सरस्वती ज्ञान मंदिर में कक्षा 8 का छात्र है। उसके सुरक्षित घर लौटने से परिवार ने राहत की सांस ली है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद ही पूरी सच्चाई सामने आएगी।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें