रिपोर्टर विजेन्द्र कुमार मौर्या राबर्ट्सगंज सोनभद्र PNP NEWS
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!अनपरा (सोनभद्र)। अनपरा कालोनी में गुरुवार की सुबह एक संविदाकार की आत्महत्या किये जाने के मामले में मृतक के पिता की तहरीर पर अनपरा पुलिस ने नगर पंचायत अनपरा के चेयरमैन व उनके पुत्र समेत कुल छह लोगों पर मुकदमा कायम कर जांच शुरु की है।जनपद गाजीपुर के ग्राम मुडियार थाना सैदपुर निवासी 38 वर्षीय पियूष सिंह ने गुरुवार की सुबह फंदे से लटककर जान दे दी थी। घटना के बाद शाम को अनपरा पहुंचे मृतक के पिता प्रदीप सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर अवगत कराया कि पियूष अपने पुत्र व पत्नी के साथ अनपरा कालोनी में रहता था।
वह नगर पंचायत अनपरा के पंजीकृत ठेकेदार अनूप सिंह, रानू सिंह एवं महेश द्विवेदी आदि के फर्म पर अपने पैसे से पेटी कांट्रैक्टर के रुप में काम करता था। मृतक के पिता ने बताया कि घटना से पूर्व पियूष ने कहा था कि नगर पंचायत के अध्यक्ष विश्राम प्रसाद वैसवार एवं उनके पुत्र स्वतंत्र बैसवार तथा नगर पंचायत के कर्मी गणेश तिवारी व ठेकेदार अनूप सिंह द्वारा निरंतर धमकी दी जा रही थी।साथ ही घरेलू मामलों को लेकर सच्चिदानंद व सवितानंद सिंह द्वारा भी पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी जा रही थी। कहा जाता था कि नगर पंचायत में तुम्हारा पेमेंट रुकवा दिया गया है। तुम्हारी मौत के बाद ही भुगतान किया जायेगा।
भुगतान नहीं होने से पियूष काफी आर्थिक तंगी से गुजर रहा था। जिससे क्षुब्ध होकर उसने आत्महत्या कर ली। अनपरा थाना प्रभारी प्रणय प्रसून श्रीवास्तव ने बताया कि मृतक के पिता द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर मुकदमा कायम कर पूरे मामले की जांच की जा रही है।











