November 2, 2026 8:06 pm

सोनभद्र के बालू खनन क्षेत्र में वीडियो बनाने और मारपीट के मामले में दो सपा नेता सहित 14 पर एफआइआर

. रिपोर्टर विजेन्द्र कुमार मौर्या राबर्ट्सगंज सोनभद्र PNP news।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

जुगैल (सोनभद्र)। बालू खनन क्षेत्र में रविवार की शाम वीडियो बनाने एवं मारपीट के मामले में पुलिस ने जुगैल थाने में सपा के पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अनिल यादव, आकाश एवं एक दर्जन अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।वहीं दूसरे पक्ष ने भी सोमवार को जिलाधिकारी बीएन सिंह से मिलकर मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की।

 

बताया जा रहा है कि स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत घटिहटा के टोला भगवा में सोन नदी में हो रहे खनन का वीडियो बनाने को लेकर विवाद हो गया था। थाने में दी गई तहरीर में मीरजापुर के हमीरपुर गांव निवासी हर्षित मिश्रा व ओबरा खैरटिया निवासी राहुल ने कहा है कि वे भगवा साइड रुद्र माइनिंग पर कार्य कर रहे थे। रविवार की शाम लगभग पांच बजे अनिल यादव, आकाश यादव अपने दर्जनभर से अधिक साथियों के साथ आकर वीडियो बनाने लगे।

 

आरोप है कि इसके बारे में जब पीड़ित ने पूछा तो ये लोग जाती सूचक शब्द का प्रयोग के साथ ही गाली-गलौज करते हुए मारपीट पर उतारू हो गए। ये लोग जब मारपीट करने लगे तो वहां पर भगदड़ की स्थिति पैदा हो गई। कार्यालय में तैनात पीयूष व मफींद जब जब बीच बचाव करने पहुंचे तो उनके साथ ही मारपीट की गई। जुगैल थाना प्रभारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि इस मामले में आरोपित अनिल यादव, आकाश व अन्य एक दर्जन से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।मुकदमा वापस न होने पर बृहद आंदोलन की चेतावनी, अवैध खनन पर भी उठाए सवाल

पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अनिल कुमार यादव समेत अन्य के खिलाफ दर्ज मुकदमे के विरोध में समाजवादी पार्टी के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने सोमवार को विरोध जताते हुए जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। सपा पदाधिकारियों ने मुकदमे को फर्जी बताते हुए इसे वापस लेने की मांग की और चेतावनी दी कि मांगें पूरी न होने पर आंदोलन किया जाएगा।

सपा जिलाध्यक्ष राम निहोर यादव ने कहा कि केंद्र व प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद जनपद में अवैध खनन और माफियाओं का बोलबाला बढ़ गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि गरीबों की सुनवाई नहीं हो रही है और विपक्षी नेताओं को निशाना बनाकर फर्जी मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अनिल कुमार यादव व अन्य पर दर्ज मुकदमे वापस नहीं लिए गए तो पार्टी बृहद आंदोलन के लिए बाध्य होगी, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।सपा सांसद छोटेलाल सिंह खरवार ने कहा कि जिले में माफियाओं द्वारा अवैध खनन कराया जा रहा है, जिसकी उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो इस मुद्दे को सदन में उठाया जाएगा।

राष्ट्रीय सचिव व पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा तथा पूर्व विधायक रमेश चंद दुबे ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं के उत्पीड़न को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन यदि जायज मांगों को नजरअंदाज करता है तो समाजवादी पार्टी सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करेगी।

 

ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में सपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इसमें पूर्व जिलाध्यक्ष संजय यादव, विजय यादव, मोहम्मद सईद कुरैशी, अनिल प्रधान, वेदमणि शुक्ला, अशोक पटेल, गीता गौर, हिदायत उल्ला खान, जयप्रकाश उर्फ चेखूर पांडे, सुरेश यादव, त्रिपुरारी गौड़, सुनील गौड़, डॉ. लोपति सिंह पटेल, परमेश्वर यादव, सरदार पारब्रह्म सिंह, कृपा शंकर चौहान, सत्यम पांडे, डॉ. केडी सिंह पटेल, विवेक सिंह पटेल, अतुल दुबे, सूरज मिश्रा, राजेश, नागेंद्र भारती, देवनारायण, पप्पू कोल, लालबरत यादव, प्रदीप रोशन लाल, अजीत कुमार, रविंद्र समेत दर्जनों कार्यकर्ता शामिल रहे।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें