रिपोर्टर: योगेश यादव/पीएनपी न्यूज महाराष्ट्र
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
माफी मांगने के बाद भी नहीं थमा गुस्सा! मुंबई लोकल के बाद अब माहीम स्टेशन पर चाकूबाजी, मामूली धक्के पर युवक पर हमला
मुंबई: लोकल ट्रेन और रेलवे परिसर में बढ़ती हिंसा की घटनाओं के बीच माहीम रेलवे स्टेशन से एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां मामूली धक्का लगने के विवाद में एक युवक ने 35 वर्षीय नवीन प्रसन्न पर चाकू से हमला कर दिया। हैरानी की बात यह है कि नवीन ने तुरंत अपनी गलती मानते हुए आरोपी से ‘सॉरी’ कहा था, लेकिन आरोपी का गुस्सा शांत नहीं हुआ।
जानकारी के मुताबिक, 25 जून की रात करीब 10 बजे नवीन काम खत्म कर माहीम स्टेशन पहुंचे थे। भीड़ के दौरान उनका धक्का एक युवक से लग गया, जिससे उसके हाथ से मोबाइल गिर गया। नवीन ने तुरंत माफी मांगी और बताया कि धक्का गलती से लगा है। मोबाइल सुरक्षित मिलने के बाद भी आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी।
विवाद बढ़ता देख नवीन वहां से निकल गए, लेकिन आरोपी ने उनका पीछा किया। स्टेशन से बाहर सेनापति बापट मार्ग तक पहुंचने के बाद आरोपी ने चाकू निकालकर नवीन पर हमला कर दिया। हमले के बाद आरोपी ने चाकू दिखाकर आसपास मौजूद लोगों को भी डराया और मौके से फरार हो गया।
गंभीर रूप से घायल नवीन किसी तरह अपने घर पहुंचे, जिसके बाद परिवार वालों ने उन्हें सायन अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल उनका इलाज जारी है।
माहीम पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही चर्चगेट-नालासोपारा लोकल ट्रेन में दरवाजा बंद करने के विवाद में 22 वर्षीय मयंक लोहार की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने मुंबई लोकल और रेलवे परिसरों में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।











