बलिया। अंबेडकर जयंती के अवसर पर एक दलित परिवार को बैरिया नगर पंचायत के जगदेवा गांव में पक्के घर का तोहफा मिला है। समाजसेवी विनोद सिंह ने दलित महिला प्रभा देवी के घर का भूमि पूजन किया।
प्रभा देवी ने प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए आवेदन किया था। प्रभा देवी की माने तो बार बार आवेदन करने के बाद भी उन्हें आवास नहीं मिल पाया। वर्तमान समय में प्रभा देवी टूटी-फूटी झोपड़ी और टीन शेड में रहती हैं। उनकी स्थिति की जानकारी मिलने पर आदर्श नगर पंचायत निवासी समाजसेवी विनोद सिंह ने प्रभा देवी के लिए मदद का फैसला किया। वे ढाई लाख रुपए की लागत से प्रभा देवी का पक्का मकान बनवाएंगे।
उन्होंने कहा कि दो महीने में घर बनकर तैयार हो जाएगा। प्रभा देवी के नाती उमेश ने बताया कि घास-फूस के घर में रहने से उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। पक्का मकान बनने से परिवार बेहद खुश है। कार्यक्रम की शुरुआत में विनोद कुमार सिंह ने बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित किए। इस अवसर पर उमेश पासवान, मोहन राम, देव नारायण पासवान, ब्रजेश यादव, जेपी मिश्रा समेत कई लोग मौजूद रहे।











