Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
सवारी में सभी श्रद्धालु पैदल ही सम्मिलित होंगे
—000—
शाही सवारी को लेकर बैठक सम्पन्न….
आगर मालवा, 01 अगस्त। शाही सवारी के दिन प्रातः4ः00 बजे से रात्रि 1ः00 बजे तक नगर में बड़े वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। सवारी मार्ग और बाबा बैजनाथ मंदिर परिसर में टू व्हीलर वाहन का प्रवेश वर्जित रहेगा। सवारी में सभी श्रद्धालु पैदल ही सम्मिलित होंगे, टू व्हीलर एवं फोर व्हीलर वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़ा करना होगा।
शाही सवारी के दौरान कानून, यातायात एवं अन्य व्यवस्थाओं को लेकर कलेक्टर श्री राघवेंद्र सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को बैठक कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में संपन्न हुई। कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि शाही सवारी के दिन अपने कर्तव्य स्थल पर निर्धारित समय से उपस्थित होकर अपने दायित्व का निर्वहन ईमानदारी से करें। कार्यपालिक मजिस्ट्रेट अपने कार्य क्षेत्र में पूरे समय उपस्थित रहकर पुलिस अधिकारियों से समन्वय से कानून व्यवस्था बनाए रखे, अधिकारियों को सख्त चेतावनी दी कि अनुपस्थित रहने पर संबंधित के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही प्रस्तावित की जायेगी।
कलेक्टर ने निर्देश दिये कि शाही सवारी के दिन रातडिया तालाब पर नागरिकों की सुविधा की दृष्टिगत होमगार्ड विभाग आवश्यक संसाधनों के साथ गोताखोर की तैनाती करें। सवारी मार्ग में चिन्हित जर्जर एवं पुराने मकान की छतों पर लोगों को खड़े न होने दे, इसके लिए कर्मचारियों की ड्यूटी लगाकर जवाबदारी सौंपे। मार्ग में निर्मानाधीण भवनों का मटेरियल हो तो, भवन मालिक से तत्काल हटवाएं। जगह-जगह बनने वाले स्वागत मंच की नगर पालिका एवं पीडब्ल्यूडी मजबूती चेक करे। स्वागत मंच वाले स्थानों पर डस्टबिन रखवाएं। पेयजल व्यवस्था में स्टील ग्लास का उपयोग किया जाए। कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी को सवारी मार्ग में एंबुलेंस की व्यवस्था रखने तथा गोपाल मंदिर के पास अस्थाई अस्पताल बनाकर चिकित्सकों की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारी को निर्देशित किया कि शाही सवारी मार्ग के विद्युत तारों को ऊंचा करवाएं, तथा झुके हुए पोल को सही करवाये। पूरे मार्ग में विद्युत तारों को चेक कर ले कटे हुए तार को टैपिंग की जाए एवं पोल को कवर करे। उन्होंने नगर पालिका अधिकारी को रातडिया तालाब के ऊपर घाटी पर फिसलने वाले स्थान को सही करवाने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार सिंह ने कहा कि शाही सवारी में शामिल होने वाली सभी झांकियां निर्धारित क्रम अनुसार ही चले, इधर-उधर से बीच में झांकियों को नहीं लगने दे। सभी पार्किंग स्थलों पर पुलिस बल पूरे समय तैनात रहकर वाहनों को क्रम में खड़े करवाये। पार्किंग स्थलों पर पर्याप्त लाइट व्यवस्था भी की जाए।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रीमती नंदा भलावे कुशरे, अपर कलेक्टर श्री आरपी वर्मा, एसडीएम आगर श्री मिलिन्द ढ़ोके, सुसनेर श्री सर्वेश यादव, सीएसपी मोतीलाल कुशवाह, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती मनीषा कौल, श्रीमती किरण बरबड़े, श्री प्रेमनारायण परमार, यातायात थाना प्रभारी जगदीश यादव सभी तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।











