रेवाड़ी, 25 अप्रैल रिपोर्टर दीपक तिवारी
शहीद फाउंडेशन द्वारा डॉ. टी.सी. राव संयोजक शहीद फाउंडेशन के नेतृत्व में रेजांगला युद्ध स्मारक पालम विहार गुरुग्राम में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया, जिसमें कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादियों द्वारा बेरहमी से मारे गए 26 निर्दोष भारतीयों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान मृतकों की आत्मा की शांति हेतु दो मिनट का मौन रखा गया और उसके पश्चात कैंडल मार्च का आयोजन हुआ।
इस दर्दनाक घटना के प्रति लोगों का गुस्सा स्पष्ट रूप से झलक रहा था। श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित सभी लोगों ने एक स्वर में पाकिस्तान मुर्दाबाद, मुनिर आसिफ होश में आओ, भारतीय सेना जिन्दाबाद और भारत माता की जय और वन्दे मातरम् के नारे लगाए। इस अवसर पर शहीद फाउंडेशन एवं यदुवंशी परिवार मंच के विशिष्ट सदस्यों ने भाग लिया, जिनमें अनेक महिलाएं भी शामिल थीं।
सभी वक्ताओं के अपने संबोधन में इस जघन्य घटना की निंदा की और सरकार को उपयुक्त निर्णय लेने के लिए अपना समर्थन दिया। इस दौरान, सेना के सेवानिवृत्त अधिकारियों और वीर सैनिकों ने आतंक के खिलाफ फिर से हथियार उठाने की इच्छा व्यक्त की। उन्होंने कहा कि वे भी इज़राइल के पूर्व सैनिकों की तरह अपने देश की रक्षा हेतु एक बार फिर तैयार हैं और पाकिस्तान को दुनिया के नक्शे से मिटाना चाहते हैं।
इस मौके पर कर्नल महाबीर यादव (अध्यक्ष, शहीद फाउंडेशन), कर्नल हरबीर सिंह, ग्रुप कैप्टन जगमाल सिंह, कर्नल जेएस भाटोटिया, कैप्टन बीएल यादव, सूबेदार मेजर राजबीर सिंह, केसी यादव, शिव नारायण, नेकी राम, महेंद्र यादव, नीरू यादव (अध्यक्ष, आरडब्ल्यूए सेक्टर 23ए), ग्रोवर सहित अनेक गणमान्य महिलाएं और नागरिक शामिल हुए।
यह कार्यक्रम एकजुटता, शोक और प्रतिरोध का प्रतीक बनकर उभरा, जिसमें आम नागरिकों और पूर्व सैनिकों ने आतंकवाद के विरुद्ध अपने दृढ़ संकल्प को दोहराया।











