November 2, 2026 7:00 pm

रेवाड़ी में सरेआम पकड़ा गया वोट चोरी का मामला : चिरंजीव राव

रेवाड़ी चीफ ब्यूरो दीपक तिवारी

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

 

रेवाड़ी नगर परिषद चुनावों को लेकर आज रेवाड़ी के पूर्व विधायक चिरंजीव राव ने स्थानीय नागरिकों एवं वार्ड नंबर 12 के निवासियों के एक प्रतिनिधिमंडल के साथ मिनी सचिवालय पहुंचकर जिला उपायुक्त से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने नगर परिषद चुनाव में कथित फर्जी वोटों, संदिग्ध वोटर लिस्ट और चुनावी अनियमितताओं को लेकर लिखित शिकायत प्रशासन को सौंपी।प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन को दी गई शिकायत में आरोप लगाया कि वार्ड नंबर 12 की सप्लीमेंट्री वोटर लिस्ट में भारी अनियमितताएं सामने आई हैं। शिकायत के अनुसार कई ऐसे लोगों के वोट बनाए गए हैं जो संबंधित वार्ड के निवासी ही नहीं हैं। इसके अलावा एक ही व्यक्ति की फोटो एक से अधिक वोटर कार्ड में लगाए जाने और बड़ी संख्या में वोटरों के पते पर एक ही मकान नंबर दर्ज होने जैसे गंभीर मामले भी उजागर हुए हैं।मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए चिरंजीव राव ने कहा कि “रेवाड़ी में वोट चोरी का मामला अब सरेआम पकड़ा गया है। लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एक ही मकान नंबर पर बड़ी संख्या में वोट दर्ज होना बेहद गंभीर विषय है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग और प्रशासन की जिम्मेदारी है कि चुनाव पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ करवाए जाएं ताकि जनता का लोकतंत्र पर विश्वास बना रहे।

चिरंजीव राव ने प्रशासन से मांग की कि पूरे मामले की तुरंत उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने नगर परिषद चुनाव लड़ रहे अन्य वार्डों के प्रत्याशियों और आम नागरिकों से भी अपील की कि यदि उनके वार्ड में भी इस प्रकार की वोटर लिस्ट संबंधी गड़बड़ियां सामने आती हैं तो वे खुलकर इसकी जानकारी दें। कांग्रेस पार्टी और जागरूक नागरिक मिलकर हर गड़बड़ी को उजागर करेंगे ताकि लोकतंत्र को बचाया जा सके।

उन्होंने कहा कि जिला उपायुक्त से मांग की गई है कि जिन-जिन वार्डों में शिकायतें मिलें उनकी निष्पक्ष जांच करवाई जाए और जो भी अधिकारी या व्यक्ति दोषी पाया जाए उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। लोकतंत्र का यह पर्व निष्पक्ष और पारदर्शी होना चाहिए क्योंकि हर नागरिक को स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से वोट डालने का अधिकार है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि चुनावी माहौल को प्रभावित करने के लिए मतदाताओं को भ्रमित और डराने का प्रयास किया जा रहा है, जो लोकतंत्र की भावना के खिलाफ है। कांग्रेस पार्टी निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और भयमुक्त चुनाव की पक्षधर है और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार आवाज उठाती रहेगी।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें