रेवाड़ी, 18 नवंबर ब्यूरो चीफ (दीपक तिवारी)
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव शहर के बाल भवन में 29 नवंबर से 1 दिसंबर तक हर्षोल्लास व धार्मिक श्रद्धा की भावना के साथ मनाया जाएगा। इस महोत्सव को भव्य एवं विशाल रूप देने के लिए नगर की सामाजिक और धार्मिक संगठनों की आयोजन में अहम भूमिका रहेगी। डीसी अभिषेक मीणा ने लघु सचिवालय सभागार में तीन दिवसीय गीता महोत्सव की तैयारियों को लेकर सामाजिक व धार्मिक संगठनों की आयोजित हुई बैठक को संबोधित करते ये शब्द कहे। डीसी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव पूर्ण रूप से गीता के महत्व और उसके ज्ञान को प्रदर्शित करेगा, साथ ही आमजन को भगवान श्रीकृष्ण के मुख से उच्चारित हुए इस ब्रह्मï ज्ञान पर आधारित बेहतरीन प्रस्तुति देखने को मिलेंगी। उन्होंने कहा कि गीता महोत्सव में सामाजिक, व्यापारिक व धार्मिक संगठनों के अलावा सरकारी व प्राइवेट विद्यालयों और सरकारी विभागों की सक्रिय भागीदारी रहेगी। विद्यार्थियों को खासतौर से गीता के महत्व को समझाने के लिए इस महोत्सव में महती प्रयास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि महोत्सव के सफल आयोजन के लिए एडीसी राहुल मोदी की अध्यक्षता में प्रशासनिक कमेटी का गठन किया गया है, इसमें स्वामी ज्ञानानंद के जीओ संगठन के प्रतिनिधि भी शामिल रहेंगे। बैठक में डीआईपीआरओ दिनेश कुमार ने बताया कि जिला में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय गीता महोत्सव के आयोजन स्थल बाल भवन को गीता पुरम का स्वरूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि 28 नवंबर को मीरपुर आईजी यूनिवर्सिटी में गीता पर आधारित सेमिनार का आयोजन होगा। इसके बाद 29 नवंबर को सुबह दस बजे यज्ञ के साथ गीता महोत्सव का विधिवत रूप से शुभारंभ किया जाएगा। अगले दिन 30 नवंबर रविवार को नगर में गीता जी की भव्य एवं आकर्षक शोभा यात्रा निकाली जाएगी। महोत्सव के आखिरी दिन 1 दिसंबर की शाम को कार्यक्रम का दीपोत्सव व गीता आरती सहित पारितोषिक वितरण के साथ समापन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 3 दिन लगातार बाल भवन में प्रदर्शनी में आमजन सरकार की जनकल्याण कारी नीतियों सहित गीता थीम आधारित प्रदर्शनी देखेंगे व सांस्कृतिक मंच 3 दिन तक लगातार सजेगा।
बैठक में सिख समाज की ओर से गुरु तेग बहादुर की स्मृति में निकाली गई शोभा यात्रा के सफल आयोजन के लिए डीसी अभिषेक मीणा, एडीसी राहुल मोदी व डीएसपी डॉ. रविंद्र सिंह को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर नगर परिषद के एक्सईएन अंकित वशिष्ठ, नगर परिषद के वाइस चेयरमैन श्यामलाल चुघ, समाजसेवी रत्नेश बंसल, अजय मित्तल, सत्यवीर सिंह, नरेंद्र, बीके बृजेश, नीतू, प्रीतपाल सिंह, अनिल कुमार, प्रदीप कुमार, धर्मचंद, अनंगपाल चौहान, जियो गीता से संजीव दुआ, कृपाल सिंह, के.एम. गुप्ता, मनिंद्र सिंह, समर कुमार, नरेश कुमार, जोगेंद्र यादव, लोकेश यादव, नवीन शर्मा, हिमांशु गोगिया आदि मौजूद रहे।











