तहसील संवाददाता अजीत कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बैरिया (बलिया)। यूपी-बिहार सीमा पर शनिवार की रात शराब माफियाओं के हौसले पस्त हो गए, जब बिहार के सारण (छपरा) जिले की उत्पाद विभाग टीम ने धावा बोलते हुए अवैध शराब की भारी खेप बरामद कर ली। कार्रवाई इतनी तेज़ थी कि तस्कर वाहन छोड़कर अंधेरे में भाग खड़े हुए। छापेमारी यूपी के बैरिया थाना क्षेत्र के जयप्रकाशनगर चौकी अंतर्गत पूर्वी भवन टोला में की गई। यहां खड़ी पिकअप (संख्या BR06GA2900) से 89 पेटी अवैध शराब जब्त की गई। बरामद माल में रॉयल स्टेज व्हिस्की (38 पेटी), ऑफर डार्क व्हिस्की (30 पेटी) और 8 पीएम टेट्रा पैक (21 पेटी) शामिल हैं। कुल 782.69 लीटर शराब की कीमत करीब ₹9.38 लाख आँकी गई है, जबकि जब्त पिकअप की कीमत लगभग ₹5 लाख बताई गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह शराब बिहार में तस्करी के लिए जा रही थी। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि स्थानीय पुलिस और शराब माफिया की मिलीभगत के कारण ही यह कारोबार फल-फूल रहा है। अगर बिहार उत्पाद विभाग की टीम समय रहते कार्रवाई न करती, तो यह खेप आसानी से बिहार पहुँच जाती।
छापेमारी टीम का नेतृत्व सहायक आयुक्त (उत्पाद) केशव कुमार झा ने किया। टीम में थानाध्यक्ष (उत्पाद) के. सुरेश प्रसाद चौधरी, अवर निरीक्षक हेमा कुमारी, सहायक अवर निरीक्षक रश्मि कुमारी, एएसआई सर्वजीत ठाकुर, सकलदीप कुमार और रणजीत कुमार शामिल थे।
कार्रवाई के बाद से सीमावर्ती इलाकों में शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया है। बिहार उत्पाद विभाग ने साफ कहा है कि यूपी सीमा पर खुले शराब के ठिकाने तस्करी की जड़ हैं, और अब ऐसे ठिकानों पर सघन जांच अभियान चलाया जाएगा।











