तहसील संवाददाता अजीत कुमार सिंह
बैरिया बलिया। रानीगंज बाजार स्थित मधुबन कंपलेक्स परिसर रविवार को एक भावुक और गौरवपूर्ण क्षण का साक्षी बना, जब उप डाकघर रानीगंज बाजार के पोस्टमास्टर (उप डाकपाल) राजकुमार सिंह के सेवानिवृत्ति सम्मान एवं अभिनंदन समारोह का आयोजन भव्य रूप से किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर की गई, जिसके बाद पूरे वातावरण में भावनाओं और सम्मान का स्वाभाविक रंग घुल गया। डाक विभाग में 29 वर्षों तक निष्ठा, ईमानदारी और सादगी से कार्य करने वाले राजकुमार सिंह को 29 नवंबर को सेवानिवृत्त किया गया। समारोह में उपस्थित अतिथियों, सहकर्मियों और गणमान्य लोगों ने उनके सरल स्वभाव, कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट कार्यशैली की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। वक्ताओं ने कहा कि राजकुमार सिंह का समर्पण और जिम्मेदारीबोध विभाग के लिए अनुकरणीय और प्रेरणास्रोत रहा है। कार्यक्रम की अध्यक्षता अखिल भारतीय डाक कर्मचारी महासंघ, बलिया के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व जिला अध्यक्ष ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि राजकुमार सिंह ने हमेशा संगठन और विभाग दोनों के मान-सम्मान को प्राथमिकता दी। कार्यक्रम का संचालन मुकेश कुमार ने कुशलता पूर्वक किया।
नोटों की माला और अंगवस्त्र से सम्मानित
समारोह के दौरान राजकुमार सिंह को नोटों की माला, अंगवस्त्र एवं धार्मिक ग्रंथ श्रीमद्भागवत गीता भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर शिवजी सिंह, राम अवधेश, दिलीप सिंह, संतोष सिंह (शिक्षक), बिनीत सिंह, विजय पांडे, पूर्व पोस्टमैन बैजनाथ सिंह, रामनारायण सहित क्षेत्र के सभी डाकपाल एवं डाक विभाग के सैकड़ों कर्मचारी उपस्थित रहे। अंत में अपने भावुक संबोधन में राजकुमार सिंह ने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कार्यकाल के दौरान यदि अनजाने में किसी से कोई असुविधा हुई हो, तो वे हृदय से क्षमाप्रार्थी हैं। उन्होंने सभी के सहयोग और स्नेह को जीवन की अमूल्य पूँजी बताया।
यह समारोह न केवल एक अधिकारी के सम्मान का अवसर बना, बल्कि डाक विभाग परिवार के आपसी संबंध और सौहार्द का भी सुंदर उदाहरण प्रस्तुत किया।











