पीएनपी न्यूज़
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!रिपोर्ट अब्दुल शफीक खान
आगर मालवा। आगर कोतवाली में गुरुवार को नए थाना प्रभारी के रूप में नागेश यादव ने पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालते ही उन्होंने क्षेत्र में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण को अपनी प्राथमिकता बताया। जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नागेश यादव की नियुक्ति आगर कोतवाली थाना प्रभारी के रूप में की गई है। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने कोतवाली स्टाफ के साथ बैठक कर लंबित प्रकरणों, क्षेत्र में गश्त व्यवस्था, अपराध नियंत्रण एवं शिकायतों के त्वरित निराकरण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। थाना प्रभारी नागेश यादव ने कहा कि आगर क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। अपराध एवं असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। आमजन की शिकायतों को गंभीरता से सुनकर उनका प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं, बुजुर्गों, व्यापारियों एवं आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए विशेष ध्यान दिया जाएगा। साथ ही क्षेत्र में नियमित गश्त और पुलिस की सक्रियता बढ़ाई जाएगी। नागेश यादव ने नागरिकों से भी अपील की कि वे किसी भी प्रकार की आपराधिक या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। पदभार ग्रहण के दौरान कोतवाली स्टाफ सहित नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।











