Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
आगर-मालवा जिले के विकास में कोई कोर कसर नहीं छोड़ेंगे
– प्रभारी मंत्री श्री चौहान
नगरीय प्रशासन मंत्री श्री विजयवर्गीय और जिला प्रभारी मंत्री श्री चौहान द्वारा महाराणा प्रताप एवं डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा का अनावरण
रिपोर्ट अब्दुल शफीक खान
पीएनपी न्यूज़
आगर-मालवा, 31 अगस्त। भारत धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक समरसता का देश है। यहां जन्म होना हमारा सौभाग्य हैं। हमारे देश में ऋषि-मुनियों की महान परम्परा रही है। प्राचीनकाल से उज्जैन काल गणना का केंद्र रहा है। यह बात नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय ने रविवार को आगर मालवा में डॉ.भीमराव अंबेडकर एवं महाराणा प्रताप की प्रतिमा के अनावरण के अवसर पर कही। मंत्री श्री विजयवर्गीय और अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री एवं आगर मालवा जिला प्रभारी मंत्री श्री नागर सिंह चौहान ने आगर मालवा में विजय स्तंभ चौराहा पर 66 लाख से निर्मित विजय द्वार का लोकार्पण एवं महाराणा प्रताप की प्रतिमा तथा नेहरू स्मृति वन में 14 लाख की लागत से निर्मित संविधान निर्माता डॉ.आंबेडकर की प्रतिमा का अनावरण कर जनसभा को संबोधित किया। इस अवसर पर देवास शाजापुर संसदीय क्षेत्र सांसद श्री महेंद्र सिंह सोलंकी, विधायक श्री मधु गहलोत, जिला अध्यक्ष श्री ओम मालवीय, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मुन्ना बाई चौहान, नगर पालिका अध्यक्ष श्री निलेश जैन पटेल उपस्थित रहे।
मंत्री श्री विजयवर्गीय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आज नई ऊंचाइयों को छू रहा है। वर्ष 2047 तक भारत दुनिया को शांति और प्रेम का संदेश देते हुए विश्व पटल पर नंबर-वन राष्ट्र बनेगा। उन्होंने स्वदेशी सामग्री के महत्व पर जोर दिया और लोगों से आग्रह किया कि वे स्वदेशी सामग्री का उपयोग करें।
विधायक श्री गहलोत ने कहा कि उनकी विधानसभा में शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में विकास कार्य हो रहे हैं। विकास का यह सिलिसला निरंतर चलेगा, आगर को प्रदेश की नंबर वन विधानसभा बनाने में कोई कमी नहीं छोड़ेंगे।
जिलाध्यक्ष श्री मालवीय ने बाबा साहब अंबेडकर एवं महाराणा प्रताप जी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज का कार्यक्रम सामाजिक समरसता का प्रतीक है। एक साथ दो महापुरुषों की प्रतिमा का अनावरण हुआ है। उन्होंने सागर गार्डन चौक पर दीनदयाल उपाध्याय की मूर्ति की स्थापित करवाने का अनुरोध किया।
नगर पालिका अध्यक्ष श्री पटेल ने अपने स्वागत भाषण में कहा कि आज दिन ऐतिहासिक है, नगर में दो महापुरुष महाराणा प्रताप एवं डॉ भीमराव अंबेडकर की मूर्ति का एक साथ अनावरण हुआ है। आज मैं अपने सपनों को साकार होते हुए देख रहा हूं ।हैं। उन्होंने नगरीय प्रशासन मंत्री श्री विजयवर्गीय से मोतीसागर तालाब पर अचलेश्वर महादेव मंदिर कमलकुंडी से गणेश मंदिर तक एक ब्रिज निर्माण का अनुरोध किया
मंत्री जी का जिले में आत्मीय स्वागत हुआ
नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय और अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री एवं आगर मालवा जिला प्रभारी मंत्री श्री नागर सिंह चौहान आज महाराणा प्रताप एवं संविधान निर्माता डॉ.आंबेडकर की प्रतिमा का अनावरण हेतु जिले में पहुंचने पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया। मंत्री जी पर जगह-जगह स्टाल लगाकर पुष्प वर्षा की गई। जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा पुष्प गुच्छ भेंटकर स्वागत किया गया।











