November 2, 2026 10:29 pm

बलिया समाचार: आरक्षण पर अनिल सिंह का बड़ा बयान: बोले- ‘राजा का मुकुट’ नहीं, जरूरतमंदों के अधिकार का माध्यम बने

संपादक नीलेश वर्मा

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

बैरिया (बलिया)। सोमवार को दोपहर करीब 2 बजे बैरिया नगर पंचायत स्थित चंदेल मार्केट में आरक्षण व्यवस्था को लेकर अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने अपना पक्ष रखा। उन्होंने आरक्षण के वर्तमान स्वरूप पर सवाल उठाते हुए सरकार और सदन से व्यवस्था की समीक्षा कर वास्तविक जरूरतमंदों तक इसका लाभ पहुंचाने की मांग की।

अनिल कुमार सिंह ने कहा कि आरक्षण का मूल उद्देश्य वंचित, शोषित और पिछड़े वर्गों को सामाजिक एवं राजनीतिक प्रतिनिधित्व और अवसर उपलब्ध कराना था। लेकिन समय के साथ इसका लाभ कुछ चुनिंदा परिवारों तक सीमित होने की स्थिति चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि आरक्षण किसी व्यक्ति या परिवार की स्थायी विरासत नहीं होना चाहिए।

उन्होंने तीखी टिप्पणी करते हुए कहा, “आरक्षण नहीं, राजा का मुकुट हो गया है। पहले बाप, फिर बेटा, फिर पोता, नाती और दामाद तक उसी परिवार को इसका लाभ मिलता रहे तो यह व्यवस्था अपने मूल उद्देश्य से भटक जाती है।”

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि जिन लोगों को प्रतिनिधित्व और अवसर देने के उद्देश्य से आरक्षण की व्यवस्था की गई थी, उन्हें इसका वास्तविक लाभ मिलना चाहिए। यदि इसका लाभ लगातार प्रभावशाली और संपन्न परिवारों तक ही सीमित रहेगा तो समाज के वास्तविक जरूरतमंद और वंचित लोग पीछे छूट जाएंगे।

उन्होंने सरकार और सदन से आरक्षण व्यवस्था पर पुनर्विचार करते हुए व्यापक चर्चा कराने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि समय-समय पर व्यवस्था की समीक्षा जरूरी है, ताकि आरक्षण का लाभ वास्तव में उन लोगों तक पहुंच सके, जिन्हें इसकी सबसे अधिक आवश्यकता है।

इस अवसर पर प्रदेश सचिव अरविंद सिंह, संरक्षक शिवनाथ सिंह, सह संरक्षक अजब नारायण सिंह, बैरिया विधानसभा के विनय सिंह, जिला महामंत्री व्यापार प्रकोष्ठ मार्कंडेय सिंह, विधानसभा उपाध्यक्ष प्रेम सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष बैरिया विजय बहादुर सिंह, आशीष सिंह, अंजय सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें