जिला ब्यूरो मोहित नाहर
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
नरसिंहगढ़! एक तरफ जहां पूरा देश दशहरा और दीपावली के त्योहारों की खुशियां मनाने की तैयारी कर रहा है, वहीं दूसरी तरफ स्वास्थ्य सेवा में दिन-रात मुस्तैद रहने वाले आउटसोर्स कर्मचारी आर्थिक तंगी और भुखमरी की कगार पर खड़े हैं। सिविल अस्पताल, नरसिंहगढ़ में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों को बीते 8 महीनों से मानदेय (वेतन) नहीं मिला है।
परेशान होकर समस्त आउटसोर्स कर्मचारियों ने एकजुट होकर जिला कलेक्टर महोदय, राजगढ़ को आवेदन पत्र सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है।
वर्ल्ड क्लास सर्विसेज कंपनी की लापरवाही!
आवेदन पत्र में उल्लेख किया गया है कि वर्ल्ड क्लास सर्विसेज प्रा. लिमिटेड (कॉर्पोरेट कार्यालय, इंदौर) द्वारा सिविल अस्पताल नरसिंहगढ़ में एम.टी.एस., सपोर्ट स्टाफ, कंप्यूटर ऑपरेटर और सिक्योरिटी गार्ड जैसे विभिन्न पदों पर आउटसोर्स कर्मचारी तैनात किए गए हैं। आरोप है कि ठेका कंपनी द्वारा पिछले आठ महीनों से कर्मचारियों का मानदेय अटका कर रखा गया है।
“त्योहार के मुहाने पर परिवार का पालन-पोषण करना मुश्किल हो गया है। आठ महीने से बिना वेतन काम करने के कारण अब आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।”पीड़ित कर्मचारी
त्योहारों से पहले बकाया भुगतान की मांग
कर्मचारियों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि इसी माह में दशहरा और दीपावली जैसे बड़े एवं प्रमुख त्योहार हैं। ऐसे में यदि समय रहते उनके बकाया मानदेय का भुगतान नहीं किया गया, तो उनके परिवारों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो जाएगा और त्योहारों की खुशियां फीकी पड़ जाएंगी।
कर्मचारियों ने अतिशीघ्र मानदेय का भुगतान करवाने हेतु प्रशासन से सख्त कदम उठाने का विनम्र निवेदन किया है।











