November 2, 2026 8:06 pm

दिल्ली की सड़कों पर गायें खाने को मजबूर कूड़ा-कचरा, न सफाई व्यवस्था, न गोशाला — आखिर जिम्मेदार कौन?

दिल्ली, 18 मई — एक ओर सरकारें स्वच्छ भारत मिशन और प्रदूषण नियंत्रण जैसे अभियानों पर करोड़ों खर्च कर रही हैं, वहीं दूसरी ओर राजधानी दिल्ली की ज़मीनी हकीकत चौंकाने वाली है। तस्वीरें और वीडियो यह साफ तौर पर दर्शाते हैं कि राजधानी की कई सड़कों पर गायें प्लास्टिक, सड़ी-गली सब्जियां और दूसरे कचरे के ढेर में भोजन तलाशने को मजबूर हैं। यह नज़ारा सिर्फ प्रशासनिक लापरवाही नहीं, बल्कि एक सामाजिक और नैतिक विफलता भी है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

गाय जिसे भारत में मां का दर्जा दिया गया है, वह आज दिल्ली की सड़कों पर भूख मिटाने के लिए कचरा खा रही है। प्लास्टिक, रैपर, पॉलीथिन, टूटे कांच और अन्य जहरीले पदार्थ जब इन बेजुबानों के पेट में जाते हैं, तो कई बार ये उनके लिए जानलेवा साबित होते हैं। कई बार ऐसी खबरें भी आई हैं कि अस्पतालों में गायों के पेट से किलो-किलो प्लास्टिक निकाला गया। लेकिन इस दर्द को सुनने वाला कोई नहीं।

स्थानीय निवासियों ने बताया कि दिल्ली में न तो नियमित सफाई होती है, न ही आवारा पशुओं के लिए कोई गोशाला की व्यवस्था है। नगर निगम सिर्फ नाम मात्र की कार्रवाई करता है और ज़्यादातर समय गायों को कूड़ा खाने के लिए छोड़ दिया जाता है।

दिल्ली सरकार प्रदूषण को लेकर बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन क्या यह दृश्य उस ‘ग्रीन दिल्ली’ का हिस्सा है जिसकी कल्पना की जाती है? क्या कूड़े के ढेर में मुंह मारती गायें, ‘स्मार्ट सिटी’ का चेहरा बनेंगी?

स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि कूड़ा खाने से गायों में गंभीर पेट संबंधी रोग, पाचन तंत्र की रुकावट और प्लास्टिक टॉक्सिसिटी जैसी समस्याएं पैदा होती हैं। यह न केवल गायों की सेहत के लिए खतरनाक है, बल्कि इस मांस/दूध से जुड़े लोगों के स्वास्थ्य के लिए भी घातक हो सकता है।

सवाल उठता है — आखिर जिम्मेदार कौन है? दिल्ली नगर निगम? या दिल्ली सरकार? या फिर हम और आप, जो कूड़ा इधर-उधर फेंककर अपने कर्तव्यों से मुंह मोड़ लेते हैं?

समाधान की दिशा में कदम उठाने का समय अब आ गया है। सरकार को चाहिए कि:

हर वार्ड में नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए,

सड़कों पर कूड़ा फेंकने वालों पर कड़ी कार्रवाई हो,

गायों के लिए सुरक्षित गोशालाओं का निर्माण हो,

और सबसे जरूरी — नागरिकों को भी अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी।

क्योंकि जब तक हम खुद नहीं सुधरेंगे, तब तक न दिल्ली साफ होगी और न ही ये बेजुबान सुरक्षित।

कैमरा मैन के साथ, अन्नू खान की विशेष रिपोर्ट — PNP.NEWS, दिल्ली से।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें