सेहत सार समाचार जिला ब्यूरो संतोष यादव
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सागर थाना भानगढ़ श्रीमान पुलिस अधीक्षक सागर श्री अनुराग सुजानिया के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री जयवीर सिंह भदौरिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सागर श्री नरेंद्र सोलंकी एवं एसडीओपी बीना श्री अजय सनकत के मार्गदर्शन में थाना भानगढ़ पुलिस ने ग्राम रामसागर में हुई अंधी हत्या का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
घटना का संक्षिप्त विवरण
दिनांक 20 सितंबर 2026 को ग्राम रामसागर निवासी मुल्ले आदिवासी द्वारा सूचना दी गई कि उनकी पत्नी अवधबाई आदिवासी, उम्र 55 वर्ष, अपने घर पर मृत अवस्था में मिली हैं। मृतिका के पति द्वारा मृत्यु का कारण अज्ञात होना बताया गया था।
प्राप्त सूचना पर थाना भानगढ़ पुलिस द्वारा मर्ग क्रमांक 42/2026 धारा 194 BNSS कायम कर जांच प्रारंभ की गई। घटनास्थल चौकी कंजिया अंतर्गत ग्राम रामसागर होने से पुलिस टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण, शव पंचनामा एवं अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हुआ हत्या का खुलासा
मर्ग जांच के दौरान प्राप्त पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतिका की मृत्यु गले की सांस नली दबने/गला घोंटने से होना पाया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामला हत्या का होना स्पष्ट हुआ।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए थाना भानगढ़ पुलिस द्वारा घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण, साक्षियों के कथनों एवं उपलब्ध साक्ष्यों का बारीकी से परीक्षण करते हुए संदेही मुल्ले आदिवासी निवासी ग्राम रामसागर से पूछताछ की गई।
सघन पूछताछ एवं विवेचना के दौरान आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर पुलिस द्वारा उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया।
आरोपी गिरफ्तार, न्यायालय के आदेश पर जेल भेजा
पुलिस द्वारा आरोपी मुल्ले आदिवासी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से माननीय न्यायालय के आदेशानुसार आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
थाना भानगढ़ पुलिस द्वारा अज्ञात मृत्यु से प्रारंभ हुई मर्ग जांच को साक्ष्य आधारित विवेचना के माध्यम से हत्या के प्रकरण में परिवर्तित कर आरोपी तक पहुंचने में सफलता प्राप्त की गई।
सराहनीय भूमिका
उक्त अंधी हत्या के खुलासे एवं आरोपी की गिरफ्तारी में उप निरीक्षक श्री धनेन्द्र यादव थाना प्रभारी भानगढ़, श्री श्यामलाल सहायक उप निरीक्षक, श्री नाथूराम सहायक उप निरीक्षक, प्रधान आरक्षक प्रिंस जोशी, प्रधान आरक्षक इरफान, आरक्षक प्रवीण, आरक्षक योगेश, आरक्षक दीपक यादव, आरक्षक रोहित तिवारी एवं आरक्षक जगदीश की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।











