November 2, 2026 8:48 pm

थाना बड़ौद पुलिस की त्वरित कार्रवाई — मानव तस्करी के मामले में एक आरोपी गिरफ्तार

नौकरी का झांसा देकर युवती को बेचने एवं जबरन विवाह कराने की साजिश का पर्दाफाश

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

डायल-112, कंट्रोल रूम एवं थाना पुलिस के त्वरित समन्वय से युवती को सुरक्षित संरक्षण में लिया गया

 

पीएनपी न्यूज़

आगर मालवा /जिले में गंभीर अपराधों की रोकथाम, फरार आरोपियों की धरपकड़ एवं महिलाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिस अधीक्षक आगर मालवा दिलीप कुमार सोनी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविन्द्र कुमार बोयट के मार्गदर्शन, अनुविभागीय पुलिस अधिकारी आगर मोतीलाल कुशवाहा के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी बड़ौद निरीक्षक रूपसिंह बैस के नेतृत्व में थाना बड़ौद पुलिस द्वारा मानव तस्करी जैसे गंभीर प्रकरण में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की गई है।

 

फरियादि पूजा (बदला हुआ नाम) निवासी बैतूल द्वारा थाना बड़ौद रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि वह इंदौर स्थित एक फैक्ट्री में कार्य करने हेतु जा रही थी। दिनांक 24.05.2026 को शाहपुर बस स्टॉप पर सफेद रंग की स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक MP09BD3061 में बैठे कुछ व्यक्तियों द्वारा उसे नौकरी दिलाने का प्रलोभन देकर वाहन में बैठा लिया गया।_

 

आरोपियों द्वारा फरियादिया को ग्राम करनालिया लाकर राजस्थान निवासी विनोद मालवीय से जबरन विवाह कराने तथा ₹3 लाख में उसका सौदा करने की योजना बनाई गई थी। विरोध करने पर आरोपियों द्वारा उसे जान से मारने एवं अन्य स्थान पर बेच देने की धमकी दी गई। इसी दौरान पीड़िता ने मौका पाकर पुलिस कंट्रोल रूम आगर को फोन कर घटना की जानकारी दी।

 

सूचना प्राप्त होते ही कंट्रोल रूम द्वारा तत्काल वायरलेस सेट के माध्यम से संबंधित पुलिस टीमों को अलर्ट किया गया। सूचना मिलते ही थाना बड़ौद पुलिस सक्रिय हुई तथा तकनीकी साक्ष्यों एवं प्राप्त लोकेशन के आधार पर तत्काल कार्रवाई प्रारंभ की गई। घटना स्थल की लोकेशन राजस्थान बॉर्डर के समीप ग्राम कचनारिया क्षेत्र की प्राप्त हुई। इस दौरान फरियादिया का मोबाइल कई बार बंद होने से स्थिति चुनौतीपूर्ण बनी रही, बावजूद इसके पुलिस टीम लगातार तकनीकी विश्लेषण एवं पतारसी करती रही।

 

पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो घटना सही पाई गई। पुलिस को देखकर स्कॉर्पियो वाहन में सवार दो आरोपी मौके से भाग निकले, वहीं दो मोटरसाइकिलों पर कुछ आरोपी युवती को लेकर जंगल की ओर भागने लगे। पुलिस टीम द्वारा तत्परता एवं सूझबूझ के साथ घेराबंदी कर युवती को तथा एक व्यक्ति को मौके से सुरक्षित बरामद किया गया।

 

युवती एवं ईश्वर को पुलिस अभिरक्षा में थाना लाया गया, जहां महिला अधिकारी उपनिरीक्षक सुनीता परिहार द्वारा पीड़िता की काउंसलिंग कर वस्तुस्थिति एवं घटना की वास्तविक जानकारी प्राप्त की गई। तत्पश्चात विधिवत एफआईआर दर्ज कर आरोपी ईश्वर को गिरफ्तार किया गया। थाना बड़ौद पर अपराध क्रमांक 121/2026 धारा 87, 143(1), 351(3), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस द्वारा लगातार दबिश एवं तलाश की कार्रवाई की जा रही है।

 

*गिरफ्तार आरोपी :*

 

ईश्वरसिंह पिता भग्गाजी बागरी निवासी ग्राम करनालिया।

 

वहीं अन्य आरोपी राघु बागरी, धर्मेन्द्र बागरी, कृपाल उर्फ लालू एवं विनोद मालवीय वर्तमान में फरार हैं, जिनकी तलाश पुलिस द्वारा निरंतर की जा रही है।

 

प्रकरण में गिरफ्तार आरोपी ईश्वर सिंह पिता भग्गाजी बागरी निवासी ग्राम करनालिया थाना बड़ौद का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। आरोपी के विरुद्ध थाना बड़ौद में वर्ष 2013 में छेड़छाड़ तथा वर्ष 2019 में लूट संबंधी प्रकरण दर्ज हैं। इसके अतिरिक्त थाना सुसनेर में आरोपी के विरुद्ध लूट एवं आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध है। वहीं थाना अधारताल जिला जबलपुर में भी आरोपी के विरुद्ध बलात्कार, डराने-धमकाने एवं बंधक बनाकर रखने जैसे गंभीर अपराधों के प्रकरण दर्ज होना पाए गए हैं। आरोपी के आपराधिक इतिहास को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस द्वारा उसके अन्य आपराधिक कृत्यों एवं संभावित संलिप्तताओं की भी विस्तृत जांच की जा रही है।

 

*सराहनीय भूमिका :*

 

*उक्त कार्रवाई में निरीक्षक रूपसिंह बैस, उनि जोरावरसिंह सिसोदिया, उपनिरीक्षक सुनीता परिहार, प्रधान आरक्षक 122 हेमन्त सिसोदिया, प्रधान आरक्षक 152 प्रवीण यादव, प्रधान आरक्षक 73 अर्जुन बागड़ी, प्रधान आरक्षक 188 हकनवाज खान एवं महिला आरक्षक 33 वंदना सेन की सराहनीय भूमिका रही।_*

 

आगर मालवा पुलिस द्वारा आमजन, विशेषकर महिलाओं एवं युवतियों से अपील की गई है कि नौकरी, विवाह अथवा अन्य प्रलोभनों के नाम पर अपरिचित व्यक्तियों के साथ जाने से पूर्व उनकी पूर्ण जानकारी एवं सत्यापन अवश्य करें। किसी भी संदिग्ध परिस्थिति में तत्काल डायल-112, पुलिस कंट्रोल रूम अथवा निकटतम पुलिस थाना से संपर्क करें। यात्रा के दौरान अपने परिजनों को लोकेशन एवं संपर्क में बनाए रखें तथा मोबाइल फोन चालू रखें। पुलिस ने कहा कि समय पर दी गई सूचना एवं सतर्कता से गंभीर अपराधों को रोका जा सकता है तथा पीड़ितों को सुरक्षित संरक्षण प्रदान किया जा सकता है।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें