रिपोर्टर विजेन्द्र कुमार मौर्या राबर्ट्सगंज /सोनभद्र PNP NEWS
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!जिलाधिकारी बीएन सिंह ने सलखन फॉसिल्स पार्क का स्थलीय निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं एवं चल रहे विकास कार्यों की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पार्किंग स्थल, प्राकृतिक म्यूजियम, रिसेप्शन सेंटर और कैंटीन सहित सभी मूलभूत व्यवस्थाओं को व्यवस्थित एवं सुदृढ़ करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि रिसेप्शन सेंटर पर आने वाले प्रत्येक पर्यटक का नाम अनिवार्य रूप से पंजीकृत किया जाए। साथ ही आगंतुकों की सुविधा के लिए पर्याप्त संख्या में कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। उन्होंने विद्युत उपकेंद्र तक पहुंचने के लिए अलग मार्ग के निर्माण के भी निर्देश दिए, जिससे संचालन व्यवस्था और अधिक सुचारु हो सके।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने फॉसिल पार्क जाने वाले मार्ग के समीप स्थित तालाब के सौंदर्यीकरण और नियमित रख-रखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा। उनका कहना था कि यहां आने वाले पर्यटकों को स्वच्छ, आकर्षक और मनोहारी वातावरण मिलना चाहिए, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिले। डीएम ने कहा कि सलखन फॉसिल्स पार्क में स्थित प्राचीन जीवाश्म देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित करते हैं, ऐसे में यहां उच्चस्तरीय सुविधाओं का विकास अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने वन विभाग को निर्देशित किया कि पार्क के समग्र विकास, सौंदर्यीकरण और पर्यटक सुविधाओं के विस्तार के लिए एक विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर शीघ्र प्रस्तुत करें, ताकि इस महत्वपूर्ण पर्यटन स्थल को और अधिक विकसित किया जा सके। निरीक्षण के दौरान वन विभाग के अधिकारी, तहसीलदार रॉबर्ट्सगंज, डीसी मनरेगा, जिला उद्यानअधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे











