रेवाड़ी-7 अप्रैल चीफ ब्यूरो दीपक तिवारी
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
डीसी अभिषेक मीणा ने कहा कि जिला में एलपीजी गैस, पेट्रोल व डीजल की पर्याप्त मात्रा में उपलब्धता है, इसके लिए संबंधित अधिकारी व एजेंसियों के संचालक सुचारू रूप से आपूर्ति सुनिश्चित करते हुए निगरानी रखे। डीसी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि रेवाड़ी शहर में जिन क्षेत्रों में पीएनजी पाइपलाइन की सुविधा उपलब्ध है, उन क्षेत्रों में सभी उपभोक्ताओं को पीएनजी कनेक्शन लगाने के लिए जागरूक किया जाए। डीसी अभिषेक मीणा मंगलवार को लघु सचिवालय सभागार में एलपीजी गैस, पीएनजी, पेट्रोल व डीजल तथा फसल खरीद कार्य को लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए दे रहे थे। इससे पहले हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी जिलों के डीसी व अन्य अधिकारियों से इस संबंध में समीक्षा करते हुए जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
डीसी अभिषेक मीणा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिला में एलपीजी गैस की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी रहे। उन्होंने बताया कि जिला में 5 किलो के लगभग 1100 सिलेंडर की उपलब्धता है। इन सिलेंडरों का वितरण मजदूरों को इस प्रकार किया जाए कि किसी मजदूर को कोई समस्या नहीं आए। वहीं कोई अनावश्यक रूप से भंडार भी न करे यह भी सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी गैस एजेंसियों को निर्देश दिए कि आईडी व कंपनी या फर्म के संचालक की ओर से सत्यापित किए गए मजदूरों को ही ये सिलेंडर उपलब्ध करवाए जाए। बैठक में उन्होंने कमर्शियल सिलेंडरों के पारदर्शिता से वितरण और पेट्रोल व डीजल की उपलब्धता की जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए।
कम प्रदूषण, स्वच्छ ईंधन व सुरक्षित है पीएनजी गैस
डीसी ने कहा कि रेवाड़ी में जहां आईजीएल की पीएनजी की पाइपलाइन से गैस की आपूर्ति की जा रही है, उन क्षेत्रों में सभी उपभोक्ताओं के पीएनजी कनेक्शन लगवाने के लिए कार्य किया जाए। उन्होंने बताया कि पीएनजी किफायती होने के साथ-साथ उससे आगजनी की संभावना भी न के बराबर होती है। उपभोक्ताओं को इस बारे में जागरूक भी किया जाए। उन्होंने बताया कि पीएनजी पाइपलाइन से 24×7 गैस की निरंतर आपूर्ति के साथ सिलेंडर की जरूरत भी नहीं होती है। इससे बुकिंग, इंतज़ार और सिलेंडर बदलने का झंझट खत्म होता है। साथ ही यह गैस हल्की होती है और लीक होने पर हवा में फैल जाती है, जिससे यह अधिक सुरक्षित मानी जाती है। पीएनजी गैस का मीटर के अनुसार बिल, उपयोग के बाद भुगतान, कोई चोरी या गड़बड़ी की संभावना नहीं रहती है। डीसी ने बताया कि यह पर्यावरण के अनुकूल होने के साथ साफ और स्वच्छ ईंधन वाली गैस है। ग्राहक पीएनजी सहायता के लिए 24×7 टोल-फ्री नंबर 18001025109 तथा रेवाड़ी कंट्रोल रूम नंबर 8448588599 पर संपर्क कर सकते है।
एलपीजी सिलेंडरों का भंडारण व कालाबाजारी करने वालों पर होगी सख्त कार्यवाही
डीसी ने पीएनजी सुविधा वाले क्षेत्रों के उपभोक्ताओं से पीएनजी कनेक्शन लगवाने का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा कि एलपीजी के उपभोक्ता गैस संबंधित समस्या आने पर जिला प्रशासन द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर 01274- 225214 पर फोन कर सकते हैं। उनकी समस्या का त्वरित से निवारण करवाया जाएगा। इसके अलावा अनावश्यक रूप से एलपीजी सिलेंडरों का भंडारण व कालाबाजारी करने वालों की सूचना भी हेल्पलाइन नंबर या जिला प्रशासन को दें, ताकि ऐसा करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जा सके। उन्होंने जिला के उपभोक्ताओं से अफवाहों पर ध्यान न देते हुए सरकार व प्रशासन की और से आधिकारिक व तथ्यात्मक सूचना पर ही विश्वास करें।
मंडियों में किसानों को गेट पास और बायोमेट्रिक में न आए कोई परेशानी: डीसी
डीसी अभिषेक मीणा ने रबी सीजन फसल खरीद कार्य को लेकर अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि खरीद कार्य के दौरान किसानों और व्यापारियों को कोई परेशानी नहीं आनी चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे ड्यूटी प्वाइंट पर मौजूद रहे और किसानों को किसी प्रकार की समस्या आने पर उनका तुरंत समाधान सुनिश्चित करे। उन्होंने अधिकारियों को उठान कार्य पर विशेष फोकस रखते हुए निर्देश दिए कि मंडियों से फसल उठान कार्य भी साथ-साथ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडियों में आने वाले किसानों को गेट पास, बायोमेट्रिक आदि में किसी प्रकार की असुविधाओं का सामना न करना पड़ें। उन्होंने किसानों से भी आह्वान किया कि वे अपनी उपज को तय मापदंड के अनुरूप मंडियों में सुखाकर लाए, ताकि उन्हें अपनी उपज बेचने में परेशानी न हो।
बैठक में जिला नगर आयुक्त ब्रह्म प्रकाश, एसडीएम रेवाड़ी सुरेश कुमार, जिला राजस्व अधिकारी प्रदीप देशवाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।











