Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
रितिक कुमार पत्रकार जिला ब्यूरो चीफ
उरई (जालौन)। ग्राम गिरथान में बीते एक माह से पानी की सप्लाई बंद पड़ी हुई है। सप्लाई ठप होने से पूरे गांव में पेयजल संकट गहरा गया है। समस्या को लेकर मंगलवार को ग्रामीणों में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सुरेन्द्र पाल फ़ौजी, सोनू सिंह, दिनेश सिंह, तेजराम श्रीवास्तव नें जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र समाधान की मांग की।
ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि गांव में पानी की आपूर्ति सैपुरा से पाइपलाइन द्वारा होती है। कुछ दिन पूर्व पीडब्लूडी विभाग नें जेसीबी से सैपुरा रोड पर खुदाई के दौरान मुख्य पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। इसके बाद से पानी की सप्लाई पूरी तरह ठप है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस समस्या की शिकायत कई बार जल निगम के अधिकारियों से की गई, लेकिन हर बार यह कहकर टाल दिया गया कि सभी गांवों की पाइपलाइन की मरम्मत एक साथ की जाएगी। एक महीने से अधिक समय बीत जाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ है। पानी की किल्लत से गांववासी बेहाल हैं। महिलाएं और बच्चे दूर-दराज से पानी ढोकर लाने को मजबूर हैं। वहीं, गंदा पानी पीने से बीमारियों का खतरा भी मंडराने लगा है। ज्ञापन देने वालों में ग्रामीणों में राजेंद्र सिंह, कमलेश पाल, कृपाराम सहित कई ग्रामीण शामिल रहे। उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की कि तत्काल पाइपलाइन दुरुस्त कर पानी की सप्लाई बहाल कराई जाए।











