Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
गुरुग्राम, 27 जुलाई जिला रिपोर्टर दीपक तिवारी
कारगिल विजय दिवस के अवसर पर रेज़ांगला युद्ध स्मारक, गुरुग्राम में आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में शहीद परिवार कल्याण फाउंडेशन के संयोजक डॉ. टी.सी. राव ने कारगिल युद्ध के शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने 1999 के युद्ध में भाग लेने वाले सभी वीर योद्धाओं और उनके परिवारों के बलिदान को सम्मानपूर्वक स्मरण किया।
इस अवसर पर डॉ. राव ने अग्निपथ योजना में कई आवश्यक सुधारों की ओर ध्यान आकर्षित किया, ताकि राष्ट्र सेवा करने वाले अग्निवीरों को सम्मानजनक भविष्य और सामाजिक पुनर्वास मिल सके। उन्होंने कहा कि आज का दिन केवल स्मरण का नहीं, संकल्प का भी है कि जो वीर वर्तमान में राष्ट्र सेवा के लिए चयनित हो रहे हैं, उन्हें भी वही सम्मान, संरक्षण और अवसर मिले जो एक सैनिक का अधिकार है।
डॉ. टी.सी. राव द्वारा प्रस्तुत सुधार सुझाव – संक्षेप में पुनरावलोकन
• अग्निवीरों की सेवा अवधि को 4 से बढ़ाकर 6–7 वर्ष करना।
• प्रतिधारण दर को 25% से बढ़ाकर 50–60% करना।
• सेवा के अंतिम चरण में लिखित, मौखिक एवं मानसिक परीक्षण द्वारा चयन।
• CAPFs, PSUs, राज्य पुलिस और केंद्र/राज्य विभागों में विशेष आरक्षण और सीधी नियुक्ति।
• ग्रामीण पृष्ठभूमि के युवाओं को कोचिंग, करियर गाइडेंस एवं परामर्श।
• पुनर्वास केंद्र, रोजगार मेले, स्वरोजगार शिविरों की स्थापना।
• सर्टिफिकेट ऑफ सर्विस, शिक्षा एवं कौशल प्रशिक्षण की सुविधा।
• महिला अग्निवीरों के लिए विशेष पुनर्वास नीति और सुरक्षा व्यवस्था।
• फिल्मों, पुस्तकों, मीडिया अभियान द्वारा जागरूकता एवं गौरव निर्माण।
• योजना का वार्षिक मूल्यांकन, निजी क्षेत्र में रोजगार प्रोत्साहन और राष्ट्र निर्माण के दृष्टिकोण से पुनः परिभाषा।
डॉ. राव की राष्ट्र से अपील: “कारगिल विजय दिवस पर जब हम अपने वीर सैनिकों के बलिदान को याद करते हैं, तब हमें यह भी सुनिश्चित करना चाहिए कि हमारी सेना में प्रवेश लेने वाले युवा अग्निवीरों को राष्ट्रनिर्माण में उचित अवसर और मार्गदर्शन मिले।
अग्निवीर योजना को एक समर्पित नीति के रूप में लागू करना होगा, न कि केवल एक प्रयोग के रूप में। उन्हें सम्मानजनक जीवन, पुनःनियुक्ति के विकल्प, शिक्षा, रोजगार, और सामाजिक सुरक्षा के साथ पुनर्वासित किया जाना चाहिए।
यदि सरकार उपर्युक्त सुझावों को गंभीरता से ले और शीघ्र क्रियान्वित करें, तो यह न केवल रक्षा क्षेत्र के लिए लाभकारी सिद्ध होगा, बल्कि राष्ट्र की युवा शक्ति को दिशा देने का कार्य भी करेगा।”
इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ले. ज. जे.बी.एस. यादव, वाइस एडमिरल पारस नाथ, मे. ज. रविन्द्र यादव, कर्नल ओ.पी. यादव, कमांडर वीपी यादव, निधि यादव, नेकी राम यादव, कर्नल आर.के राव, कर्नल ईश्वर यादव, कर्नल मुनीलाल यादव, महेन्द्र यादव, मलखान सिंह यादव (कार्टरपुरी), सुरेंद्र सिंह (कार्टरपुरी), कैप्टन वेद प्रकाश, राजेश पटेल, आदित्य राज, सुषमा यादव, संजय गुलाटी, धर्मबीर यादव, शीश राम यादव, जगमोहिंद्र यादव, निवास कुमार, ए.के. दास, नरेंद्र यादव, कैलाश शर्मा, सुभाष यादव, ईश्वर शर्मा आदि लोग उपस्थित रहे।











