November 2, 2026 8:50 pm

आगर मालवा: पुलिस अधीक्षक ने उत्कृष्ट सेवाओं की सराहना करते हुए स्वस्थ, सुखद एवं सम्मानपूर्ण जीवन की शुभकामनाएँ दीं

39 एवं 44 वर्ष की गौरवपूर्ण पुलिस सेवा पूर्ण करने वाले दो अधिकारियों का सम्मानपूर्वक सेवानिवृत्ति समारोह, स्थानांतरित निरीक्षक को आत्मीय विदाई

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

सेवानिवृत्त अधिकारियों ने अपने दीर्घ सेवाकाल के अनुभव साझा किए, स्थानांतरित निरीक्षक ने आगर-मालवा में मिले सहयोग एवं आत्मीयता के लिए जताया आभार।

पीएनपी न्यूज़ /रिपोर्ट अब्दुल शफीक खान

आगर मालवा/ दिनांक 30 जून 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय, पुरानी अनाज मंडी परिसर, आगर मालवा के मीटिंग हॉल में जिला पुलिस परिवार द्वारा सेवानिवृत्त एवं स्थानांतरित अधिकारियों के सम्मान में गरिमामय विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविन्द्र कुमार बोयट, स्टेनो मुख्तयार खान, रविंद्र ओझा, सूबेदार जगदीश यादव, पुलिस अधीक्षक कार्यालय एवं पुलिस लाइन का अधिकारी-कर्मचारी बल उपस्थित रहा।*

 

*समारोह में सहायक उप निरीक्षक रमेशचंद्र परमार को 39 वर्ष की गौरवपूर्ण पुलिस सेवा पूर्ण करने पर सम्मानपूर्वक सेवानिवृत्त किया गया। वर्ष 1987 में उज्जैन जिले से पुलिस सेवा में भर्ती हुए श्री परमार ने लगभग 36 वर्ष तक उज्जैन जिले के महिदपुर, तराना, झारड़ा, महाकाल, ट्रैफिक थाना, चिमनगंज, नानाखेड़ा एवं भैरूगढ़ सहित विभिन्न थानों में अपनी सेवाएँ प्रदान कीं। इसके पश्चात लगभग 4 वर्ष तक आगर-मालवा जिले में ट्रैफिक थाना एवं थाना बड़ौद में पदस्थ रहकर कर्तव्यनिष्ठा एवं अनुशासन के साथ सेवाएँ दीं तथा थाना बड़ौद से ही सेवानिवृत्त हुए।*

 

*इसी प्रकार उप निरीक्षक मंजूर आलम खान को लगभग 44 वर्ष की उत्कृष्ट एवं समर्पित पुलिस सेवा के उपरांत सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। वर्ष 1982 में पुलिस सेवा में भर्ती हुए श्री खान ने लगभग 32 वर्ष तक उज्जैन जिले के खाराकुआँ, जीवाजीगंज, चिमनगंज, तराना, खाचरोद, नागदा एवं घटिया सहित विभिन्न थानों में सेवाएँ दीं। इसके पश्चात लगभग 12 वर्ष तक आगर-मालवा जिले में ट्रैफिक थाना, कोतवाली आगर एवं थाना सुसनेर में पदस्थ रहकर कानून-व्यवस्था एवं जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया तथा थाना सुसनेर से सेवानिवृत्त हुए*।

*समारोह में पूर्व में स्थानांतरित हुए निरीक्षक केसर राजपूत को भी जिला शाजापुर के लिए आत्मीय एवं सम्मानपूर्ण विदाई दी गई। अपने संबोधन में उन्होंने आगर-मालवा जिले में कार्यकाल के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों, सहकर्मियों एवं समस्त पुलिस बल से प्राप्त सहयोग, विश्वास एवं आत्मीयता के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस जिले में कार्य करना उनके लिए सदैव अविस्मरणीय अनुभव रहेगा।*

 

*अपने उद्बोधन में पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी ने कहा कि पुलिस सेवा केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि समाज, कानून एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण का दायित्व है। सेवानिवृत्त अधिकारी अपने अनुभव, ईमानदारी एवं कर्तव्यनिष्ठा से नई पीढ़ी के पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने दोनों अधिकारियों की दीर्घ एवं उत्कृष्ट सेवाओं की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ, सुखमय एवं सम्मानपूर्ण जीवन की शुभकामनाएँ दीं तथा स्थानांतरित निरीक्षक केसर राजपूत को नवीन पदस्थापना हेतु शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि उनके अनुभव एवं कार्यशैली का लाभ नए जिले को भी मिलेगा।*

*समारोह के दौरान सेवानिवृत्त अधिकारियों ने अपने सेवाकाल के अनुभव साझा करते हुए पुलिस सेवा के दौरान प्राप्त सीख, अनुशासन, टीमवर्क एवं जनसेवा की भावना को अपने जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि बताया। कार्यक्रम के अंत में पुलिस परिवार द्वारा सभी अधिकारियों को शॉल, श्रीफल एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई तथा उनके उज्ज्वल भविष्य एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की गई*।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें