देवेन्द्र मेवाड़ा सेहत सार समाचार
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!आगर-मालवा, 28 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय, आगर-मालवा में सोमवार को महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को महिला स्वास्थ्य, व्यक्तिगत स्वच्छता एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. हितेंद्र सिंह तोमर ने किया।
कार्यक्रम में पीताम्बरा कॉलेज की टीम द्वारा छात्राओं को महिलाओं से संबंधित विभिन्न स्वास्थ्य विषयों की महत्वपूर्ण एवं उपयोगी जानकारी दी गई। करीब 40 छात्राओं ने कार्यक्रम का लाभ लिया। विशेषज्ञों ने पीसीओडी (बहुअंडाशयी विकार), मासिक धर्म के दौरान आवश्यक सावधानियों तथा व्यक्तिगत स्वच्छता के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की।
विशेषज्ञों ने मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता बनाए रखने, सैनिटरी पैड के सुरक्षित एवं उचित उपयोग तथा इस्तेमाल किए गए सैनिटरी पैड के उचित निस्तारण के महत्व पर विशेष जोर दिया। छात्राओं को बताया गया कि सैनिटरी पैड को खुले में नहीं फेंकना चाहिए, क्योंकि उचित निस्तारण व्यक्तिगत स्वास्थ्य के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के लिए भी आवश्यक है।
कार्यक्रम में छात्राओं को हृदय-फुफ्फुसीय पुनर्जीवन (सीपीआर) की प्राथमिक जानकारी भी दी गई। आपातकालीन परिस्थितियों में तत्काल अपनाए जाने वाले आवश्यक उपायों के बारे में समझाते हुए उन्हें प्राथमिक स्तर पर सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया।
इसके साथ ही नशामुक्ति को लेकर भी जागरूक किया गया। छात्राओं को नशीले पदार्थों से दूर रहने तथा नियमित दिनचर्या, संतुलित खान-पान और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। वहीं क्षय रोग (टीबी) के लक्षण, बचाव, समय पर जांच एवं उपचार के महत्व की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम में महाविद्यालय की नोडल अधिकारी डॉ. मनीषा शर्मा, व्याख्याता, कर्मचारीगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।
महाविद्यालय द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना तथा उन्हें स्वस्थ, सुरक्षित एवं जागरूक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।











