तहसील संवाददाता अजीत कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बैरिया बलिया। ठंड के मौसम में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए बैरिया सर्किल के सभी थानों की संयुक्त बैठक सोमवार को सीओ बैरिया मोहम्मद फहीम कुरैशी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि अपराध नियंत्रण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सीओ ने कहा कि दर्ज एफआईआर की विवेचना गुण-दोष के आधार पर शीघ्र पूर्ण की जाए, ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके। साथ ही उन्होंने शराब तस्करी पर तत्काल सख्त कार्रवाई के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्रोत से सूचना मिलते ही मौके पर प्रतिक्रिया सुनिश्चित हो। ठंड का मौसम शुरू होते ही चोरी की घटनाओं में वृद्धि की संभावनाओं को देखते हुए क्षेत्राधिकारी ने थानों को रात्रि गश्त बढ़ाने, संवेदनशील जगहों पर अतिरिक्त निगरानी और संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी नजर रखने के आदेश दिए। बैठक के दौरान सीओ मोहम्मद फहीम कुरैशी ने दोकटी, हल्दी, रेवती और बैरिया थाना क्षेत्र के सभी उप निरीक्षकों, हेड कांस्टेबलों और बीट पुलिसकर्मियों से क्रमवार फीडबैक लिया। उन्होंने पुलिस कर्मियों को जमीनी स्तर पर सक्रिय रहकर क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया। सीओ ने भरोसा दिलाया कि पुलिस की सतर्कता और जनता के सहयोग से बैरिया सर्किल में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जाएगा।











