जिला ब्यूरो चीफ संजीव कुमार दुबे सोनभद्र
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!अनपरा (सोनभद्र)। बेसिक शिक्षा परिषद के प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के बच्चों को शारीरिक रूप से स्वस्थ, सशक्त और खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से न्याय पंचायत कुलडोमरी की न्याय पंचायत स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता एवं सांस्कृतिक संगोष्ठी का आयोजन कम्पोजिट विद्यालय औराडाड़ में किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के संरक्षक खंड शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार रहे। मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती नित्या चौधरी तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में श्रीमती श्योप्रिया (एआरपी) और श्री आनंद प्रकाश द्विवेदी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के प्रारंभ में विक्रमा राम ने बैज, कैप एवं पुष्प भेंट कर मुख्य अतिथि का स्वागत किया। मां सरस्वती की पूजा-अर्चना के बाद स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर उच्च प्राथमिक विद्यालय लोझरा की छात्राओं ने शानदार पीटी प्रदर्शन कर उपस्थित अतिथियों एवं शिक्षकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके बाद मुख्य अतिथि श्रीमती नित्या चौधरी ने फीता काटकर एवं हरी झंडी दिखाकर 50 मीटर दौड़ प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलकूद को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण अंग बताया। साथ ही बच्चों को नियमित रूप से खेलों को अपनी दिनचर्या में शामिल करने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता के अंतर्गत 50, 100, 200, 400 एवं 600 मीटर दौड़, कबड्डी, खो-खो, लंबी कूद और योग सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा, अनुशासन तथा खेल भावना का परिचय दिया। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों का चयन कर उन्हें ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का अवसर दिया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान विक्रमा राम ने शायरी के माध्यम से मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में संकुल प्रभारियों विक्रमा राम, वीरेंद्र कुमार, अटल वैश्य, रविंद्र कुमार एवं कृष्ण नारायण मधु की विशेष भूमिका रही। वहीं कार्यक्रम के संचालन एवं आयोजन में सुनील कुमार शर्मा का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा।
इस मौके पर प्रवीण श्रीवास्तव, ओमप्रकाश मिश्र, मनोज सिंह, प्रमोद सिंह, तूलिका विश्वकर्मा, चिंता देवी, रत्ना, पूजा, सरोज सहित न्याय पंचायत कुलडोमरी के विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।











