संवाददाता अजीत कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बैरिया बलिया। नव वर्ष के जश्न में कानून व्यवस्था भंग करने वालों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त रुख अपनाएगी। क्षेत्राधिकारी बैरिया मोहम्मद फहीम कुरैशी ने बताया कि नव वर्ष की पूर्व संध्या और नए साल के दिन शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस विशेष अभियान चलाएगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जश्न के नाम पर सड़क पर अराजकता फैलाने या यातायात नियमों की अनदेखी करने की किसी को भी छूट नहीं दी जाएगी। सभी प्रमुख मार्गों पर, विशेषकर एंट्री प्वाइंट्स पर पुलिस की कड़ी निगरानी रहेगी और सघन जांच अभियान चलाया जाएगा। क्षेत्राधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान यदि कोई व्यक्ति शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पाया गया तो उसका मौके पर चालान किया जाएगा। साथ ही वाहन को जब्त कर लिया जाएगा और संबंधित चालक का लाइसेंस निरस्त कराने की संस्तुति परिवहन विभाग को भेजी जाएगी। पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे नव वर्ष का जश्न जिम्मेदारी और संयम के साथ मनाएं तथा यातायात नियमों का पालन कर स्वयं और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।











