संवाददाता अजीत कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बैरिया (बलिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र अंतर्गत चांद दियर चौकी से करीब 300 मीटर पूरब स्थित सिताब दियरा के पास बृहस्पतिवार शाम एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। सिताब दियरा से माल खाली कर मांझी स्थित एफसीआई गोदाम जा रही 407 वाहन (संख्या BR04N0362) अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। सौभाग्यवश इस दुर्घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। प्राप्त जानकारी के अनुसार 25 दिसंबर की शाम करीब पांच बजे 407 वाहन बिहार राज्य खाद्य निगम के अंतर्गत अनुबंधित डोर स्टेप डिलीवरी के तहत माल पहुंचाने के बाद मांझी एफसीआई गोदाम की ओर जा रही थी। इसी दौरान सामने से ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे की दिशा में जा रही एक तेज रफ्तार हाइवा वाहन ने अचानक चकमा दे दिया। टक्कर से बचने के प्रयास में 407 के चालक सुरेश राय वाहन पर नियंत्रण खो बैठे, जिससे गाड़ी सड़क किनारे उतर गई और दाहिनी ओर खड़े पेड़ से टकरा गई। वाहन में चालक के अलावा दो मजदूर भी सवार थे, जो बाल-बाल बच गए। चालक सुरेश राय ने बताया कि यदि सड़क किनारे पेड़ नहीं होता तो आमने-सामने की टक्कर हो सकती थी, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था। दुर्घटना में 407 वाहन का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। वहीं, चांद दियर चौकी प्रभारी ने बताया कि उन्हें इस घटना की कोई औपचारिक सूचना प्राप्त नहीं हुई है। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में सभी सवार सुरक्षित हैं।











