संवाददाता अजीत कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बैरिया (बलिया)। श्री मुनिश्वरानंद उर्फ खप्पड़िया बाबा के 40वें निर्वाण दिवस के अवसर पर आयोजित अतिद्वय रुद्र महायज्ञ के 11वें दिन गुरुवार को श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। नगर श्रीपालपुर स्थित खप्पड़िया बाबा की समाधि पर हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में देश के महान संत स्वामी हरिहरानंद जी महाराज ने स्वयं अपने कर-कमलों से भव्य महाआरती संपन्न कराई। महाआरती से पूर्व विद्वान आचार्यों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन-अर्चन किया गया तथा खप्पड़िया बाबा चालीसा का पाठ हुआ। अपराह्न 2:10 बजे शुरू हुई महाआरती में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया। नववर्ष के प्रथम दिन और खप्पड़िया बाबा के प्रति अपार श्रद्धा के कारण प्रातः 8 बजे से ही आश्रम परिसर में श्रद्धालुओं का रेला उमड़ने लगा। आश्रम के चारों ओर से सैकड़ों भक्त निरंतर पहुंचते रहे। दिनभर आने-जाने का क्रम बना रहा, जबकि महाआरती के समय पूरा परिसर महिला, पुरुष, युवक-युवतियों से खचाखच भर गया। “श्री खप्पड़िया बाबा की जय”, “स्वामी हरिहरानंद महाराज की जय” और “हर हर महादेव” के गगनभेदी जयघोष से वातावरण पूर्णतः भक्तिमय हो उठा। आश्रम परिसर स्थित श्री शिव मंदिर, श्री हनुमान मंदिर, श्री सूर्य मंदिर एवं श्री मानस मंदिर को फूल-मालाओं और आकर्षक विद्युत झालरों से भव्य रूप से सजाया गया था। श्रद्धालुओं ने मंदिरों, यज्ञ मंडप और हवनकुंड की परिक्रमा कर संत स्वामी हरिहरानंद जी महाराज के दर्शन किए और स्वयं को धन्य बताया। महाआरती में पंडित राममूर्ति पांडेय, मिथिलेश दुबे, जोगिंद्र दुबे, सुदामा दुबे, अनिल उपाध्याय, श्रीराम दुबे, कमलेश दुबे, मानस मिश्रा, विश्वनाथ मिश्रा, रामलला पांडेय, अनुज उपाध्याय सहित अन्य आचार्यों ने वैदिक विधि से पूजा संपन्न कराई। मुख्य यजमानों में कन्हैया सिंह, संतोष सोनी, पवन यादव, अंकित स्वर्णकार, राजेंद्र यादव, अमित यादव, डॉ. हरीश तिवारी, राजू सिंह, रामेश्वर यादव सहित बड़ी संख्या में खप्पड़िया बाबा परिवार के सदस्य व श्रद्धालु उपस्थित रहे।











