रिपोर्टर विजेन्द्र कुमार मौर्या राबर्ट्सगंज सोनभद्र PNP news।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सोनभद्र प्रधान संघ के अध्यक्ष सुरेश शुक्ला के नेतृत्व में प्रधानों ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंच कर जिलाधिकारी से मुलाकात किया। इस दौरान उन्होंने पत्रक सौपते हुए ग्राम पंचायतों में प्रशासक के रुप में कार्यरत ग्राम प्रधानों के समक्ष व्यावहारिक कठिनाईयों के निराकरण एवं आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए जाने की मांग की।उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश शासन के माध्यम से ग्राम पंचायतों का कार्यकाल समाप्त होने के उपरांत ग्राम प्रधानों को प्रशासक के रूप में ग्राम पंचायतों के आवश्यक कार्यों के संचालन का दायित्व प्रदान किया गया है। वर्तमान में विकास खंड सदर सहित जनपद की ग्राम पंचायतों में पेयजल व्यवस्था, हैंडपंप मरम्मत, रिबोर, स्वच्छता, जल निकासी, नाली सफाई तथा वर्षा ऋतु से पूर्व कराए जाने वाले आवश्यक कार्यों की अत्यंत आवश्यकता है, किन्तु प्रशासक व्यवस्था लागू होने के उपरांत कार्यों के संचालन, स्वीकृति एवं भुगतान की प्रक्रिया के संबंध में स्पष्ट दिशा-निर्देश उपलब्ध न होने से ग्राम पंचायतों में अनेक व्यावहारिक कठिनाइयाँ उत्पन्न हो रही हैं।
विशेष रूप से भीषण गर्मी एवं संभावित पेयजल संकट को देखते हुए हैंडपंपों की मरम्मत, रिबोर तथा आवश्यकतानुसार टैंकरों की व्यवस्था तत्काल कराए जाने की आवश्यकता है, परंतु भुगतान एवं कार्यवाही की स्पष्ट प्रक्रिया उपलब्ध न होने के कारण जनहित के कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त वर्षा ऋतु निकट होने के कारण नालियों की सफाई, जल निकासी, रास्तों की मरम्मत तथा अन्य आवश्यक कार्यों को समय रहते संपादित किया जाना आवश्यक है। उन्होंने डीएम को अवगत कराते हुए जनहित को दृष्टिगत में रखतेहुए निम्न बिंदुओं पर शीघ्र स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने की मांग किया। उन्होंने कहा कि पेयजल संकट की स्थिति में टैंकर संचालन एवं उसके भुगतान की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाये, हैंडपंप मरम्मत, रिबोर एवं अन्य पेयजल संबंधी कार्यों की स्वीकृति एवं भुगतान व्यवस्था की जाये, वर्षा ऋतु से पूर्व कराए जाने वाले आवश्यक कार्यों हेतु प्रशासनिक एवं वित्तीय प्रक्रिया जिम्मेदारी तय की जाये। ग्राम पंचायत निधि से आवश्यक जनहित कार्यों के भुगतान के लिए स्पष्ट एवं सरल दिशा-निर्देश दिया जाये। ग्राम पंचायतों में आवश्यक कार्यों के समयबद्ध निष्पादन हेतु व्यवहारिक एवं सरलीकृत कार्यप्रणाली का निर्धारण किया जाये। इस मौके पर अनूप तिवारी, अनुपम तिवारी, विमलेश पांडेय, अमरजीत दुबे, मार्कण्डेय पटेल, शिवेंद्र साहनी, आजाद कुशवाहा, मुन्ना सिंह, विजय बहादुर पटेल, अरुण सिंह, विजय शुक्ला, रामप्रवेश यादव, सिंदरी आदि मौजूद रहे।











